Delhi Government Office Timing: पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति में काफी सुधार हुआ है, जिसके बाद सरकारी कर्मचारियों के ऑफिस आने के समय में बदलाव किया गया है। अब दिल्ली सरकार में काम कर रहे कर्मचारियों और अधिकारियों को सुबह 9:30 बजे ऑफिस पहुंचना होगा, जिसके बाद शाम 6 बजे उनकी छुट्टी होगी। इसको लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना की ओर से आदेश जारी किया गया है। इससे पहले सरकारी कर्मचारियों के ऑफिस का समय सुबह 10:00 बजे से लेकर 6:30 बजे तक रहता था, लेकिन अब उन्हें आधे घंटे पहले ऑफिस पहुंचना होगा। इसके अलावा नगर निगम के अधिकारियों के ड्यूटी की भी टाइमिंग में बदलाव किया गया है।
नगर निगम के अधिकारियों के लिए क्या रहेगा समय?
दिल्ली नगर निगम (MCD) के कर्मचारियों और अधिकारियों के ऑफिस आने की टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है। एलजी के आदेश के मुताबिक, अब नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह 9:00 बजे ऑफिस पहुंचना होगा, जिसके बाद शाम को 5:30 बजे उन्हें छुट्टी मिलेगी। बता दें कि इससे पहले निगम के कर्मचारी सुबह 8:30 बजे से 5:00 बजे तक ड्यूटी पर जाते थे। इससे निगम के कर्मचारियों को थोड़ी राहत मिलेगी। बता दें कि यह फैसला राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में कमी के चलते लिया गया है।
इस वजह से हुआ था टाइमिंग में बदलाव
बता दें कि पिछले साल नवंबर के महीने में दिल्ली सरकार के कर्मचारियों और अधिकारियों के ऑफिस आने की टाइमिंग में बदलाव किया गया था। सर्दियों के मौसम में दिल्ली का प्रदूषण स्तर बेहद ही खराब श्रेणी में पहुंच जाता है। इस दौरान ठंडी हवा प्रदूषण के कणों को शहर के ऊपर जमा देते हैं। इसके अलावा आसपास के राज्यों में पराली जलाने से वहां का धुआं दिल्ली की हवा में मिलकर प्रदूषण फैलाता है।
इससे राजधानी दिल्ली की हवा बहुत अधिक जहरीली हो जाती है, जिससे यहां की हवा में सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है। प्रदूषण की रोकथाम के उपायों के तहत सरकारी कर्मचारियों के ऑफिस की टाइमिंग में बदलाव किया गया था। जिससे सड़कों पर ज्यादा जाम न हो। साथ ही उन्हें पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई थी, जिससे गाड़ी के धुएं से होने वाले प्रदूषण को कम किया जा सके।
ये भी पढ़ें: टीम का अपमान नहीं सहन कर सका बॉस... क्लाइंट को ही कर दिया 'फायर', अब हो रही वाहवाही