Delhi-Haryana Weather Update: दिल्ली और हरियाणा को भीषण गर्मी के बीच राहत की बौछारें मिली हैं। लगातार एक महीने से अधिक समय से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को बुधवार को थोड़ी राहत मिली। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार की रात मौसम अचानक बदल गया और धूल भरी आंधी के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई। जिससे तापमान में गिरावट हुई। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली (IMD) ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली और हरियाणा को राहत मिलने की संभावना है।

दिल्ली का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, आज गुरुवार को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम में सुधार रहेगा। विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बन रही है, जिससे आने वाली दो-तीन दिनों तक मौसम सुहाना बना रहेगा। इसके अलावा बीच-बीच में हल्ली बारिश होने की भी संभावना है।

दिल्ली में मानसून की दस्तक

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में इस महीने के अंत में यानी 29 या फिर 30 जून तक दिल्ली में मानसून दस्तक दे सकता है। हालांकि, अभी दिल्ली वालों को प्री मानसून बारिश थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, आज गुरुवार को भी दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 22 जून को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली में लू और गर्मी से 13 की मौत

राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी और लू जानलेवा बन गई थी। दिल्ली में लू और गर्मी से 24 घंटे में 13 लोगों की मौत हो गई। इनमें आरएमएल अस्पताल में 5, सफदरजंग अस्पताल में दो व एलएनजेपी अस्पताल में छह लोगों की मौत शामिल है।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में भी भीषण गर्मी से राहत मिली है। हरियाणा में बुधवार रात प्री मानसून बारिश होने से लोगों को राहत मिली है। प्रदेश में देर रात मौसम का मिजाज बदलने से दिन के तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट आई। प्रदेश में पंचकूला, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत समेत कई जिलों में प्री-मानसून की बारिश हुई।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने आज गुरुवार के लिए भी हरियाणा के कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने इन जिलों को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।