Delhi Haryana Weather Update: राजधानी दिल्ली को लंबे इंतजार के बाद गर्मी भरी उमस से राहत मिली है। दिल्ली में बुधवार शाम 4 बजे तो उमस भरी गर्मी रही, लेकिन इसके बाद ने करवट ली और फिर शाम 6 बजे करीब जमकर बारिश हुई। दिल्ली में बारिश रात भर होती रही। जिसके चलते कई इलाके में जलभराव ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने दिल्ली में आज गुरुवार को भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, हरियाणा में भी बुधवार को जमकर बारिश हुई। जिससे कई इलाकों में एक फीट से अधिक पानी भर गया है।

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में आज गुरुवार को भी भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में 1 और 2 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रह सकता है। दिल्ली में भारी बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन जलभराव ने लोगों को काफी परेशान किया। दिल्ली के कई इलाके तलाब में तब्दील हो चुके हैं। यहां 3-4 फीट तक पानी भर गया। 

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में भी मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया। प्रदेश में बुधवार को जमकर बारिश हुई। जिससे वहां भी लोगों को उमस से राहत मिली है। बुधवार को सबसे ज्यादा बारिश हिसार में दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में आज गुरुवार को भारी बारिश हो सकती है। बारिश को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के भारी बारिश हुई। कई जगह जलभराव हुआ। सड़कों पर एक फीट से ज्यादा पानी जमा हो गया। इससे लोगों को आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के मुताबिक, नाथूसरी चोपटा, ऐलनाबाद, रानिया, सिरसा, डबवाली, नांगल चौधरी, नारनौल, अटेली, महेंद्रगढ़, कनीना, भद्रा, लोहारू, चरखी दादरी, भिवानी, तोशाम, रेवाड़ी, सिवानी, बवानी खेड़ा, हांसी, हिसार, आदमपुर और फतेहाबाद समेत कई इलाकों में भारी बारिश होगी। इसके साथ ही इन इलाकों में 30 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगस्त के पहले सप्ताह में बरसात से कुछ हद तक बारिश की कमी दूर होने के आसार हैं। कुछ जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है।