Delhi-Haryana Weather Update: दिल्ली और हरियाणा वालों को आज से एक बार फिर भीषण गर्मी, झुलसाने वाली लू की मार और 45 तापमान का टेंपरेचर टॉर्चर सहना पड़ सकता है। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली (IMD) के अनुसार, दिल्ली और हरियाणा में कई दिनों की राहत के बाद एक बार फिर मौसम का मूड बदल रहा है। जिसके चलते अनुमान है कि आज सोमवार से तापमान का ग्राफ एक बार फिर तेजी से ऊपर चढ़ेगा और यह 45-46 डिग्री तक पहुंच सकता है।

दिल्ली का मौसम

मौसम का रुख रविवार को भी देखने को मिला, जब अधिकतम तापमान बढ़कर 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आईएमडी ने बताया कि सोमवार से तापमान में और बढ़ोतरी होगी, जो आने वाले चार से पांच दिन तक देखने को मिलेगी।

दिल्ली-हरियाणा में फिर लौटा भीषण गर्मी का दौर

दिल्ली और हरियाणा में भीषण गर्मी के साथ ही झुलसाने वाली लू की मार भी सहनी पड़ सकती है, जबकि 12-13 जून को 35-40 किमी की गति से तेज गर्म हवाएं चलने की संभावनाएं बन रही हैं। इस बीच कहीं-कहीं बूंदाबांदी से इंकार नहीं किया जा सकता। जानकारी के अनुसार, इस महीने के अंत में दिल्ली में मानसून की दस्तक हो सकती है। अभी तक मानसून की तय तारीख में कोई फेरबदल की संभावना न के बराबर बताई जा रही है।

बता दें कि इस महीने के दूसरे पखवाड़े के मध्य में दिल्ली में प्री मानसून की बारिश से दिल्ली वालों को कुछ राहत की उम्मीद की जा सकती है। बता दें कि मई महीना कई दशकों में दिल्ली में सबसे गर्म के रूप में दर्ज हो चुका है। इसमें पारा 46- 50 डिग्री तक दर्ज हो चुका है। हालांकि एक बार पारा 52 डिग्री भी पहुंचा, जिसे बाद में मौसम ने तकनीकी खराबी के रूप में इंगित किया।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में तीन दिन से राहत के बाद आज सोमवार को फिर भीषण गर्मी की शुरुआत हो गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री मानसून आने तक पारा 45 डिग्री पार जा सकता है। मई महीने में लू का प्रकोप देखने को मिला था। हालांकि, 25 मई से नौतपा ने भी कहर ढाया, जिससे ज्यादा गर्मी का एहसास हुआ।

हरियाणा में मानसून की दस्तक

वहीं, बीते दिन मौसम विभाग द्वारा चंडीगढ़ का तापमान 40 के पार दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में लू का दौर अभी कुछ दिन लगातार जारी रहने वाला है। कृषि विभाग के मौसम विज्ञान के मुताबिक, हरियाणा से मानसून की दूरी अभी 1300 किमी है। ऐसे में प्रदेश में मानसून 28 जून से जुलाई के पहले सप्ताह में कभी भी दस्तक दे सकता है।