Delhi-Haryana Weather Update: दिल्ली और हरियाणा वालों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे। हालांकि, बीते दिनों मौसमी उतार चढ़ाव जरूर देखने को मिला था। एक बार फिर सोमवार को कई दिनों की आंशिक राहत के बाद लोगों को लू के थपेड़े लगे। इसके साथ ही तापमान में भी वृद्धि देखने को मिली।

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली (IMD) के अनुसार, दिल्ली और हरियाणा में आने वाले कई दिनों तक गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। जिसके चलते अनुमान है कि आज मंगलवार को भी तापमान का ग्राफ ऊपर चढ़ेगा और यह 45-47 डिग्री तक पहुंच सकता है।

दिल्ली का मौसम

राजधानी दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आईएमडी ने बताया कि मंगलवार को भी तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जो आने वाले चार से पांच दिन तक देखने को मिलेगी।

दिल्ली में कब आएगा मानसून

दिल्ली और हरियाणा में आने वाले कुछ दिन और गर्मी से नहीं मिलेगी। गर्मी के साथ ही झुलसाने वाली लू की मार भी सहनी पड़ सकती है, जबकि 12-13 जून को 35-40 किमी की गति से तेज गर्म हवाएं चलने की संभावनाएं बन रही हैं। जानकारी के अनुसार, इस महीने के अंत में दिल्ली में मानसून की दस्तक हो सकती है। अभी तक मानसून की तय तारीख में कोई फेरबदल की संभावना न के बराबर बताई जा रही है। बता दें कि इस महीने के दूसरे पखवाड़े के मध्य में दिल्ली में प्री मानसून की बारिश से दिल्ली वालों को कुछ राहत की उम्मीद की जा सकती है।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में भी आने वाले कुछ दिन तक भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। प्रदेश में सोमवार को रात के समय तापमान 24.0 से 29.0 डिग्री और दिन के समय तापमान 43.0 से 45.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो दोनों समय सामान्य से अधिक है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदेश में दिन और रात के तापमान में और अधिक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जो कि गर्मी और लू अपने तेवरों को और प्रचंड बनाएगी। इसे लेकर भारतीय मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। प्रदेश में प्री मानसून आने तक पारा 45 डिग्री पार जा सकता है।

हरियाणा में मानसून की दस्तक

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में लू का दौर अभी कुछ दिन लगातार जारी रहने वाला है। हरियाणा से मानसून की दूरी लगभग 1250 किमी है। ऐसे में प्रदेश में मानसून 28 जून से जुलाई के पहले सप्ताह में कभी भी दस्तक दे सकता है।