Logo
दिल्ली में सभी सात लोकसभा सीटों पर बीजेपी का दस साल से कब्जा है। इस बार दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के तहत चुनावी मैदान में है। दिल्ली के एग्जिट पोल में बीजेपी के किले में सेंध लगती हुई दिख रही है।

Delhi Exit Poll Results 2024: लोकसभा चुनाव के लिए सभी सातों चरणों पर मतदान पूरे हो चुके हैं। आज शनिवार को सातवें और आखिरी चरण की वोटिंग खत्म हो चुकी है। दिल्ली में सभी सात सीटों पर छठे चरण में 25 मई को वोटिंग हुई थी। इसके नतीजे 4 जून को आएंगे। अब मतदान संपन्न होने के बाद एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने लगे हैं। राजधानी दिल्ली में बीजेपी और इंडिया ब्लॉक के बीच चुनावी मुकाबला है।

राजधानी दिल्ली में बीजेपी पिछले दो लोकसभा चुनावों से सभी सातों सीटों पर कब्जा करने बैठी है। इस बार दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के तहत चुनावी मैदान में हैं। आप चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है, तो वहीं कांग्रेस ने बाकी तीन सीटों पर अपने चुनाव मैदान में है।

Delhi Exit Poll Result 2024: दिल्ली लोकसभा चुनाव एग्जिट पोल नतीजे

  • इंडिया टुडे- एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक, दिल्ली में बीजेपी को 6 से 7 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, इंडिया गठबंधन का भी यहां खाता खुल सकता है। राजधानी में चांदनी चौक लोकसभा सीट पर मुकाबला कड़ा माना जा रहा है।
  • टाइम्स नाउ-ईटीजी रिसर्च के एग्जिट पोल के मुताबिक, दिल्ली की सात लोकसभा सीटों में से बीजेपी को छह सीटें मिल सकती हैं। वहीं, एक सीट गठबंधन को मिलती दिख रही है।
  • रिपब्लिक-मैट्रिज और पी मार्क के मुताबिक, दिल्ली में इस बार कांग्रेस का दस साल का सूखा खत्म हो सकता है। यहां बीजेपी को 5 और इंडिया गठबंधन को 2 सीटें मिल सकती हैं।
  • न्यूज 24- टुडेज चाणक्या के मुताबिक, प्रदेश में बीजेपी को 6 और गठबंधन को 1 सीट पर जीत मिल सकती है।

Delhi Exit Poll Result 2024: दिल्ली में किस सीट पर कौन उम्मीदवार

  • नई दिल्ली- बांसुरी स्वराज (बीजेपी) के खिलाफ सोमनाथ भारती (आप)
  • पूर्वी दिल्ली- हर्ष मल्होत्रा (बीजेपी) के खिलाफ कुलदीप कुमार (आप)
  • दक्षिणी दिल्ली- रामवीर सिंह बिधूड़ी (बीजेपी) के खिलाफ सहीराम पहलवान (आप)
  • पश्चिमी दिल्ली- कमलजीत सहरावत (बीजेपी) के खिलाफ महाबल मिश्रा (आप)
  • चांदनी चौक- प्रवीण खंडेलवाल (बीजेपी) के खिलाफ कांग्रेस के जयप्रकाश अग्रवाल
  • उत्तर पूर्वी दिल्ली- मनोज तिवारी (बीजेपी) के खिलाफ कांग्रेस के कन्हैया कुमार
  • उत्तर पश्चिमी दिल्ली- योगेंद्र चंदोलिया (बीजेपी) के खिलाफ कांग्रेस के उदित राज चुनाव मैदान में हैं।

पिछले दो लोकसभा चुनावों में बीजेपी का क्लीन स्वीप

बता दें कि दिल्ली में 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव में दोनों बार बीजेपी ने सातों सीटों पर क्लीन स्वीप किया था। इस बार बीजेपी ने सात में से छह सीटों पर अपने सांसदों को टिकट नहीं दिया, सिर्फ उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद मनोज तिवारी को फिर से चुनाव मैदान में उतारा है।

वहीं, कांग्रेस और आप दिल्ली में गठबंधन के तहत चुनाव मैदान में हैं। आप ने चार तो कांग्रेस तीन सीटों पर अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान आप ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने 'जेल का जवाब वोट से' जैसे तमाम अभियान भी चलाए और खुद को दिल्ली का बेटा बताया। अब देखना होगा कि चुनाव के नतीजों पर आप के दावे कुछ असर डाल पाते हैं या नहीं।

5379487