Delhi Mausam: दिल्ली एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से भयंकर गर्मी झेल रहे लोगों को बुधवार शाम को थोड़ी राहत मिली। दिनभर भीषण गर्मी के बाद मौसम ने शाम के वक्त अचानक करवट ली। हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं के चलते लोगों ने चैन की सांस ली। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी दिल्ली में बूंदाबादी होने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद भी लोगों को कुछ खास राहत नहीं मिलने वाली नहीं है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान 

दिल्ली एनसीआर में बुधावर को अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। जोकि सामान्य से चार डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 21 से 52 प्रतिशत रहा। फरीदाबाद में 45.3 डिग्री, जाफरपुर में 45.3 डिग्री, नजफगढ़ में 46.4 डिग्री, नोएडा में 45.1 डिग्री, पीतमपुरा में 45.8 डिग्री, पूसा में 46.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

आज के मौसम का हाल 

गुरुवार को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। तेज हवाएं चलेंगी। आज अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद 7 और 8 जून को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक रह सकता है। 9 से 11 जून के बीच अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री तक रह सकता है।

ये भी पढ़ें:- यूपी के कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना, इन इलाकों में पड़ेगी भीषण गर्मी; जानें मौसम का हाल

वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव

आईएमडी की मानें तो जम्मू कश्मीर पर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। यह दिल्ली की तरफ बढ़ रहा है। इसकी वजह से ऊंचे बादलों के बनने और इलाके में आंधी और धूल भरी आंधी आने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक तापमान के 43 से 44 डिग्री तक रहने की संभावना है। वीकेंड पर तेज हवाएं, हल्की बारिश खत्म हो जाएगी। तेज धूप के साथ लू वापसी करेगी। इसके बाद लगभग एक सप्ताह तक फिर से लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ेगी।