Delhi Weather Update: दिल्ली में बुधवार को आई तेज आंधी व बारिश के बाद गुरुवार को दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिला। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, दूसरे दिन भी दिल्ली में कई जगह तेज हवाएं और बूंदाबांदी हुई।

IMD ने दिया अपडेट

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली (IMD) के अनुसार, दिल्ली में पूर्वानुमान के अनुसार मौसम बना रहा। आईएमडी ने बताया कि गत 24 घंटे में दिल्ली में करीब 1.2 मिमी बारिश दर्ज हुई। दिल्ली में नजफगढ़ में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी मौसम के बदलाव के बाद राजधानी में कहीं भी पारा 45 डिग्री तक नहीं पहुंचा।

शुक्रवार व शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी

आईएमडी ने बताया कि गुरुवार, शुक्रवार व शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिन दिल्ली में हल्की बारिश व तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने बताया कि एक बार फिर आने वाले दिनों में 45 डिग्री सेल्सियस या इससे भी अधिक तापमान दर्ज हो सकता है।

जून के अंत तक आएगा मानसून

वहीं, मौसम वैज्ञानिक एस के मुक्कम ने बताया कि दिल्ली में अभी लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलती दिखाई नहीं देती। केरल में मानसून ने प्रवेश किया, लेकिन बहुत जल्द ही उसकी तीव्रता में कमी आई, जिससे यह कहा जा सकता है कि अभी मानसून दिल्ली पहुंचने में देरी हो सकती है। मुक्कम ने कहा कि वैसे भी जून महीने के अंत से पहले मानसून का प्रवेश संभव नहीं है। प्री मानसून बारिश बुधवार रात दिल्ली में देखी जा चुकी है और अभी दस्तक देते रहेगी ऐसी उम्मीद की जा सकती है।