Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह शाम हल्की ठंड सताने लगी है। ऐसे में लोगों को अब रात में एसी की जरूरत महसूस नहीं हो रही है। हालांकि, दिन में धूप निकलने की वजह से गर्मी जरूर लगती है। आइए जानते है कि आज का मौसम कैसा रहने वाला है। 

मौसम विभाग की मानें, तो दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम साफ रहेगा। बारिश होने के कोई आसार नहीं है। शनिवार का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रिकॉर्ड किया जा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 25 अक्टूबर के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। जिसके चलते दिल्ली-एनसीआर में हल्की सर्दी शुरू हो सकती है। ऐसे में कहा जा सकता है कि दिवाली आपके लिए सर्दी लेकर आ रही है।  

हरियाणा में अगले छह दिनों तक साफ रहेगा मौसम 

आईएमडी चंडीगढ़ की मानें, तो हरियाणा में अगले छह दिनों तक मौसम साफ रहेगा। इस बीच बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के तापमान में 7 से 8 डिग्री गिरावट आ सकती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि, इस बार पाकिस्तान की ओर से 24 अक्टूबर को चलने वाली उत्तर पश्चिमी हवाओं से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इससे पहाड़ों में बर्फबारी और हरियाणा के मैदानी इलाकों में ठंड पड़ेगी। 

हरियाणा का 19 अक्टूबर का तापमान 

हरियाणा के कई जिलों में आज (19 अक्टूबर) अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं रविवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।