Delhi-NCR Weather: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी के बीच लू का भी प्रकोप देखने को मिल रहा है। गर्मी का आलम ये है कि न तो कूलर में राहत मिल रही है और न ही पंखे में। बीते दिन शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने 44 डिग्री तक रहने का अनुमान बताया था। पिछले 6 दिन से लगातार दिल्ली के लोग लू का कहर झेल रहे हैं। अस्पतालों के हीट स्ट्रोक के मरीज भी बढ़ रहे हैं। हालांकि, जून की शुरुआत से तापमान कुछ कम होने का अनुमान है।

शुक्रवार का अधिकतम तापमान

31 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री ऊपर है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, यह सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। इस बार मई की गर्मी ने पिछले 12 साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।  राहत की बात है कि मौसम विभाग ने आज शनिवार और रविवार को येलो अलर्ट जारी किया है।

इससे पहले रेड अलर्ट देखने को मिला था। स्काईमेट के मुताबिक 1 जून को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि, आज हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इसके साथ-साथ धूल भरी आंधी और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने का अनुमान भी है।

आज गर्मी से मिलेगी राहत 

वहीं, 2 जून को दिल्ली वालों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, तापमान 42 डिग्री तक जा सकता है। इस दौरान बादल भी छाए रहेंगे, बादल गरजेंगे भी, 25-30 किलोमीटर की स्पीड के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की भी उम्मीद है। इसके बाद 3 और 4 जून को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने की संभावना हैं।

हरियाणा के मौसम का हाल

वहीं, हरियाणा के मौसम की बात की जाए तो यहां भी भीषण गर्मी का सितम देखने को मिल रहा है। बीते दिन शुक्रवार को सिरसा में पारा 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा हिसार, रोहतक, पानीपत सहित कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

गर्मी के बढ़ते सितम के बीच आज मौसम विभाग ने हरियाणा में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के 9 शहरों में शाहाबाद, अंबाला, बराडा, जगाधरी, छछरौली, रादौर, थानेसर, पेहोवा और नारायणगढ़ में आंधी-बारिश की संभावना है। इसके बाद लोगों को भयंकर गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। लिंक पर क्लिक कर खबर को विस्तार से पढ़िए...