Delhi-NCR Mausam: देश की राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। आलम ये है कि लोगों न तो कूलर में राहत मिल रही न पंखे में सुकून। सुबह के वक्त भी सर के पसीने पांव तक पहुंच रहे हैं। 9 बजे के बाद घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक भंयकर गर्मी से अभी दो दिन और दिल्ली वालों को राहत मिलने की संभावना नहीं है। आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में लू को लेकर अगले दो दिनों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है।

45 डिग्री पार पहुंचा तापमान

राष्ट्रीय राजधानी में बीते दिन यानी सोमवार को अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो मौसम के औसत से 6.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में सोमवार को 46.3 डिग्री तक तापमान पहुंच गया, जो सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। गर्मी को देखते हुए दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

आज के मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में है और बुधवार तक इसके जारी रहने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग की मानें तो दिल्लीवासियों को गुरुवार और शुक्रवार को कुछ राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट की चेतावनी दी है। आज मंगलवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में लू की स्थिति बने रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हवा की गति भी 35 से 45 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है।

ये भी पढ़ें:- तूफानी बरसात ने रेलवे रोड पर मचाई तबाही, प्राचीन भारी पेड़ भी गिरे

कब मिलेगी गर्मी से राहत

आईएमडी के मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में बुधवार से हल्की राहत देखने को मिलेगी। बुधवार और गुरुवार को दिल्ली के 'येलो' अलर्ट पर रहने की उम्मीद है, जबकि शुक्रवार और शनिवार को इसे 'ग्रीन' अलर्ट पर रखा जाएगा। स्काईमेट के अनुसार बुधवार के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ेगा, जो दिल्ली-एनसीआर को भी प्रभावित करेगा, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण 18-20 जून के दौरान दिल्ली समेत कई जगहों पर गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ छिटपुट से लेकर हल्की बारिश देखने को मिलेगी। इस दौरान तापमान में गिरावट होने की संभावना है।