Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर का मौसम मार्च के दूसरे सप्ताह में भी कूल बना हुआ है। सुबह शाम अभी भी गुलाबी सर्दी का अहसास होता है। राजधानी में शनिवार सुबह ठंडी हवा चलने से न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। इस वजह से सुबह में हल्की ठंड रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदलने वाला है। अगले कुछ दिन आंशिक तौर से बादल छाए रहने कि संभावना हैं। इसके अलावा बुधवार 13 मार्च को गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान 24 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। हालांकि, 14 मार्च को फिर से मौसम साफ होगा। इसके बाद तापमान में तेजी से वृद्धि देखने को मिलेगी। 

आज कैसा रहेगा मौसम 

आज रविवार के मौसम की बात की जाए तो आकाश में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, अगले दिन कल यानी सोमवार से बुधवार के बीच अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। यह इस सीजन का पहली बार होगा जब तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है। 

अधिकतम और न्यूनतम तापमान 

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। दिल्ली के लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस और मुंगेशपुर में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सबसे अधिक पूसा में 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

ये भी पढ़ें:- उत्तर प्रदेश में फिर दिख रहे बारिश के आसार, पछुआ हवा के साथ कई इलाकों में होगी वर्षा 

वायु प्रदूषण का हाल 

राजधानी में हवा की गुणवत्ता समान्य श्रेणी में बनी हुई है। अब इसके खराब स्तर पर पहुंचने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक 11 और 12 मार्च को यह खराब स्तर पर पहुंच सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को भी हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी रहेगी। इसके बाद प्रदूषण के स्तर में थोड़ा बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इस वजह से सोमवार और मंगलवार को एयर इंडेक्स खराब श्रेणी में पहुंच सकता है। सीपीसीबी के एयर बुलेटिन के अनुसार शनिवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 145 रहा जो मध्यम श्रेणी में है। एनएसआईटी द्वारका में एक्यूआई 255 रहा। वहीं, एनसीआर की बात की जाए तो फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 188, ग्रेटर नोएडा का 134, गुरुग्राम का 174 व नोएडा का एयर इंडेक्स 104 रहा।