दिल्ली में कानून व्यवस्था सख्त: चुनाव से पहले पुलिस ने पकड़े 8 फरार अपराधी, स्पेशल कैंपेन के तहत हुई कार्रवाई

पश्चिम विहार ईस्ट थाने की टीम ने 13 दिसंबर को लेख राज नाम के अपराधी को गिरफ्तार किया, जिसे 15 सितंबर 2018 को वेस्ट डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया था। वहीं, निहाल विहार थाने की पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। ;

Update: 2024-12-17 05:43 GMT
Delhi police Arrested three accused
दिल्ली पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार।
  • whatsapp icon

Delhi Police Special Campaign: दिल्ली में लगातार बढ़ते अपराधों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी में हो रही आपराधिक घटनाओं ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि लोगों के मन में भय का माहौल भी पैदा कर दिया है। पुलिस प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपराधियों पर लगाम कसने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की है। ऐसे में दिल्ली चुनाव के मद्देनजर अपराध पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली में बाहरी जिले की पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। जिला पुलिस की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के तहत 8 भगौड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का यह ऑपरेशन बाहरी जिले के डीसीपी सचिन शर्मा के निर्देश पर चलाया गया।  

डीसीपी ने कार्रवाई के लिए दिए थे सख्त निर्देश

डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि बाहरी दिल्ली जिले की सभी थाना पुलिस को भगोड़े अपराधियों को पकड़ने का आदेश दिया गया था। इस निर्देश के बाद थानों की पुलिस टीमों ने अपराधियों की जानकारी जुटाने के लिए अपने नेटवर्क को सक्रिय किया। साथ ही तकनीकी सर्विलांस की मदद से भी अपराधियों की लोकेशन ट्रैक करने की कोशिशें शुरू की गईं। इस अभियान के चलते अलग-अलग थानों की पुलिस ने कुल 8 भगौड़ों को गिरफ्तार कर लिया है।  

अभियान में कितने थानों की पुलिस को मिली सफलता

पश्चिम विहार ईस्ट थाने की टीम ने 13 दिसंबर को लेख राज नाम के अपराधी को गिरफ्तार किया, जिसे 15 सितंबर 2018 को वेस्ट डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया था। वहीं, निहाल विहार थाने की पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। साथ ही 13 दिसंबर को नोनसो नाम के विदेशी अपराधी को गिरफ्तार किया गया, जिसे 22 अगस्त 2024 को ग्वालियर अदालत ने भगोड़ा घोषित किया था। वहीं, 14 दिसंबर को विजय नाम के अपराधी को गिरफ्तार किया गया, जिसे 22 दिसंबर 2022 को तीस हजारी कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया था।  

ये भी पढ़ें: दिल्ली और हरियाणा पुलिस की बढ़ेगी टेंशन, हिमांशु भाऊ और कपिल सांगवान समेत इन चार गैंगस्टर्स ने मिलाया हाथ!

तीस हजारी और रोहिणी कोर्ट ने इन दोनों को किया था भगोड़ा घोषित 

मुंडका थाने की पुलिस ने राजन और संजय पांडे नामक दो भगौड़ों को हिरासत में लिया। इन दोनों को तीस हजारी और रोहिणी कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया था। रणहौला थाने की पुलिस ने राकेश कुमार को गिरफ्तार किया, जबकि रानी बाग थाने की टीम ने सोहैल और विजय नाम के दो भगौड़ों को गिरफ्तार किया। ये अपराधी नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट और तीस हजारी कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित किए गए थे।  

ये भी पढ़ें: 12 साल बाद भी नहीं मिटा मां के दिल का दर्द, आशा देवी बोलीं- हालात अब भी 2012 जैसे

दिल्ली पुलिस की अपराध पर नकेल कसने की तैयारी

दिल्ली पुलिस हाल ही में अपराध पर काबू पाने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। खासकर ड्रग्स, फरार अपराधियों और अन्य संगीन मामलों में आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस का यह अभियान तेज हो गया है। विधानसभा चुनाव से पहले अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत की जा सके। इसी के साथ ही बाहरी जिले के डीसीपी का कहना है कि अपराधियों की धरपकड़ का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की नजर उन अपराधियों पर भी है जो लंबे समय से कानून की पकड़ से दूर हैं।

Similar News