Delhi Police New Uniform: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पुलिस के जवानों को अब जल्द ही नए लुक में देखा जाएगा। दिल्ली पुलिस अपने कर्मचारियों की वर्दी में बदलाव करने जा रही है। इसके लिए सेंट्रल दिल्ली में ट्रायल भी शुरू कर दिया गया है। इसके तहत इंस्पेक्टर से लेकर कांस्टेबल तक के कर्मचारियों की यूनिफॉर्म को बदला जाएगा।

दिल्ली पुलिस की वर्दी में होगा बदलाव

दिल्ली पुलिस के जवाब अब खाकी पैंट-शर्ट में नहीं, बल्कि खाकी रंग की कंफर्टेबल कार्गो पैंट और टी-शर्ट में देखा जाएगा। इसके साथ ही सर्दी के मौसम में जवानों को ऊनी शर्ट-पैंट, वार्मर और स्पेशल जूते भी दिए जा सकते हैं। फिलहाल प्रोजेक्ट को ट्रायल के तौर पर सेंट्रल दिल्ली में शुरू किया गया है। सब कुछ सही रहा तो दिल्ली पुलिस जल्द अपने कर्मचारियों की वर्दी बदलने का ऐलान भी कर देगी। दिल्ली पुलिस में DANIPS और AGMUT कैडर के आईपीएस अधिकारी समेत 90 हजार से अधिक कर्मचारी हैं।

खाकी रंग रहेगा बरकरार

इस संबंध में दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि राजधानी में मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों की यूनिफॉर्म में बदलाव करने का विचार किया जा रहा है। इसको लेकर अभी प्लानिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म में बदलाव होता भी है तो खाकी का रंग बना रहेगा। रंग के साथ कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के कुछ इलाकों में इसका ट्रायल शुरू किया गया। जहां कुछ कांस्टेबल को 'खाकी' रंग की टी-शर्ट और कार्गो पैंट दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कार्गो पैंट पर इसलिए विचार किया जा रहा है, क्योंकि इसमें वह डायरी, मोबाइल फोन और चार्जर जैसी कई वस्तुएं रख सकते हैं।