Delhi News: दिल्ली में झील ने 2 बच्चों की जान ले ली है। बाहरी जिले के प्रेम नगर थाना अंतर्गत शुक्रवार रात दो नाबालिग बच्चों की झील में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में 15 वर्षीय उदय उर्फ दिव्यांश और 17 वर्षीय मयंक शामिल है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है। पुलिस के अनुसार 9 अगस्त को रात्रि लगभग 8 बजकर 20 मिनट पर प्रेम नगर थाने को अस्पताल से 15 व 17 वर्ष के दो लड़कों की मृत्यु के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी।

झील में नहाने के लिए गए थे दोनों बच्चे

स्थानीय पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची और मृत लड़कों उदय उर्फ दिव्यांश और मयंक निवासी प्रेम नगर की एमएलसी प्राप्त की, जिन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। प्रारंभिक जांच से पता चला कि लड़के रानीवाड़ा बस डिपो के सामने डीडीए भूमि पर बारिश के पानी के कारण बनी झील (तालाब) में नहाते समय डूब गए थे। मृतक लड़कों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना को लेकर विशाल नाम के एक चश्मदीद ने कहा कि हादसे की खबर जान जब वह मौके पर पहुंचा तो एक शख्स इन दोनों लड़कों को पानी से बाहर निकाल रहा था।

सरकार पर लापरवाही बरतने के आरोप

मौके पर कुछ लड़कों से पता चला कि पहले दो छोटे बच्चे पानी में डूब रहे थे, जिन्हें ये बचाने गए थे। वे तो बच गए लेकिन ये दोनों गहरे पानी में डूब गए। विशाल का कहना है कि यहां जमा पानी बारिश का था। जमा पानी कोई एक दिन का नहीं बल्कि पिछले कई साल से ऐसे ही ठहरा हुआ है। प्रशासन का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है, जिसके चलते आज दो लड़कों की मौत हो गई। वहीं, पुलिस का कहना है ये लड़के पानी में नहाने गए थे, तभी वे गहरे पानी में डूब गए। बहरहाल मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है।

ये भी पढ़ें:- Manish Sisodia: विनेश फोगाट को लेकर मनीष सिसोदिया ने BJP पर साधा निशाना, बोले- 'सब जानते हैं ये किसने किया'