Delhi Water Crisis: दिल्ली में जल संकट की स्थिति और बढ़ती जा रही है। इसको लेकर राजनीतिक घमासान भी मचा हुआ है। पानी की किल्लत को लेकर बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी दिल्ली में जगह-जगह मटका फोड़ प्रदर्शन कर रही है। इस मुद्दे पर दिल्ली में बीजेपी के सभी सांसद सड़कों पर उतर कर आप सरकार को घेरने में जुटे हैं। वहीं, जल संकट पर शनिवार यानी 15 जून को कांग्रेस ने दिल्ली में जगह-जगह मटका फोड़ प्रदर्शन किया था।

पश्चिमी दिल्ली से बीजेपी सांसद कमलजीत सहरावत ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली सरकार के खिलाफ नजफगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा केजरीवाल सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

सरकार की लापरवाही से दिल्ली में जल संकट- वीरेंद्र सचदेवा

वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र ने दिल्ली में जल संकट का जिम्मेदार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप सरकार को ठहराया है। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में जल संकट प्राकृतिक नहीं है। सरकार की लापरवाही, पानी की चोरी, पानी की बर्बादी ही मूल कारण है, जिसके चलते दिल्ली में जल संकट है। उन्होंने आगे कहा कि 10 साल से आप की सरकार है, 2024 तक हर घर जल का वादा अरविंद केजरीवाल ने किया था, उस वादे का क्या हुआ?

नई दिल्ली से बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने भी अपने लोकसभा क्षेत्र में दिल्ली में पानी की कमी को लेकर सरकार के खिलाफ 'मटका-फोड़' विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

मनोज तिवारी ने की सीएम के इस्तीफे की मांग

उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने भी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पानी की कमी के चलते पीने के पानी की कीमतों में इजाफा हो रहा है। इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की।

दिल्ली में पाइपलाइन काटने की साजिश- आतिशी

जल मंत्री आतिशी ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा को आज रविवार को एक पत्र लिखा है। इसको लेकर उन्होंने कहा कि  दिल्ली में पानी संकट के बीच कुछ लोग पानी आपूर्ति को बाधित करने की साजिश रच रहे हैं। इस षडयंत्र में शामिल लोगों का मकसद पानी की पाइपलाइन को काट कर जल संकट को और गंभीर बनाना है।

उन्होंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिख कर दिल्ली जल बोर्ड की पाइपलाइन की सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। ताकि दिल्ली में पेयजल संकट और न बढ़े। बता दें कि इसको लेकर उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया है।