Weather Update: दिल्ली और हरियाणा में लोगों गर्मी राहत जरूर मिली, लेकिन अब लोगों को उमस परेशान कर रही है। राजधानी दिल्ली में रविवार को कई इलाकों में हवाओं के साथ हल्की बारिश ने लोगों को राहत दी। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से तापमान गिर कर 40 डिग्री के नीचे आ गया। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 39.8 और न्यूनतम 29.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा में भी रविवार को सुबह से आसमान साफ रहने के कारण दोपहर तक उमस भरी गर्मी पसीने छुड़ाती रही। अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 41.5 डिग्री पर आ गया।

दिल्ली का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज सोमवार और मंगलवार को भी आंधी के साथ बारिश की संभावना है। दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इसके साथ ही मानसून भी राजधानी जल्द ही दस्तक दे देगा।

दिल्ली में मानसून की दस्तक

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 27 जून बताई जा रही है। हालांकि, कई बार मानसून को लेकर लंबा इंतजार करना पड़ा है। ऐसे में अभी मानसून को लेकर किसी भी तरह की देरी का आसार नहीं बताया गया है।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में भी रविवार को सुबह से आसमान साफ रहने के कारण दोपहर तक उमस भरी गर्मी पसीने छुड़ाती रही। अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 41.5 डिग्री पर आ गया। वहीं, जून माह के अंत में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। प्री-मानसून गतिविधियां नजर आने लगी हैं, जिससे जल्द हल्की बरसात या बूंदाबांदी की संभावनाएं बढ़ने लगी हैं।

इस सप्ताह हल्की बरसात भारी गर्मी से राहत दिलाने का काम करेगी। सप्ताह के अंत में अच्छी बरसात होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल हवा में नमी का स्तर बढ़ने के कारण उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। वहीं, लू का प्रकोप काफी हद तक खत्म हो गया है।

हरियाणा में मानसून की दस्तक

मौसम विभाग के अनुसार, तेज हवाएं चलने से प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। इससे दक्षिणी हरियाणा और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में बरसात की संभावनाएं बन रही हैं। इस सप्ताह मौसम में लगातार परिवर्तन देखने को मिलेगा। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इसके अलावा प्रदेश में इस माह के अंत तक मानसून दस्तक दे देगा।