Delhi Weather: दिल्ली में अगले तीन दिन तक छाया रहेगा घना कोहरा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

आज के मौसम की जानकारी।
X
राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा।
राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक घना कोहरा होने की संभावना जताई है। इसके चलते रेल और हवाई यातायात पर भी बड़ा असर देखने को मिल सकता है।

Delhi Weather Today: राजधानी दिल्ली में सुबह के समय कोहरा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सड़कों पर विजिबिलिटी कम है, ऐसे में वाहन चालकों को भी वाहन चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें, तो अगले तीन दिनों तक दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है। इसके चलते रेल और हवाई यातायात पर भी बड़ा असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग (IMD) ने सड़कों पर सुबह के समय चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ताकि कोई बड़ी दुर्घटना न हो।

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में सोमवार की सुबह ठंडी रही और आस-पास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली के मुनिरका और इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत कई हिस्से सुबह के समय घने कोहरे से ढके रहे। जिसकी वजह से दृश्यता भी कम रही। वहीं रविवार सुबह भी घना कोहरा देखने को मिला। जिसके चलते विजिबिलिटी बेहद कम रही। सफदरजंग में सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर दृश्यता 200 मीटर रही। इसी समय पालम में दृश्यता 350 मीटर दर्ज की गई। कम दृश्यता की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट से लगभग 10 विमानों ने देरी से उड़ान भरी। इसके अलावा देश के विभिन्न रेल और हवाई यातायात पर भी इसका असर देखने को मिला। दिल्ली आने वाली करीब एक दर्जन से ज्यादा ट्रेन देरी से पहुंची।

राजधानी दिल्ली में आज का तापमान

मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं दिल्ली में बारिश होने की संभावना कम जताई जा रही है।

आने वाले दिनों में दिल्ली में गिरेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री था, जो रविवार को 25.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान में मामूली कमी आई। शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री था जो रविवार को 7.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह मौसम का सामान्य तापमान है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राजधानी का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंच सकता है। अगले हफ्ते तक दिल्ली में कड़ाके की ठंड दस्तक दे सकती है। जिसकी वजह से शीतलहर बढ़ेगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story