Delhi-Haryana Weather Update: दिल्ली वालों को लंबे समय बाद बुधवार देर रात व गुरुवार सुबह दिल्ली में हुई हल्की बारिश ने भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू से राहत दी है। गुरुवार की सुबह बेहद खुशगवार रही, सुबह सुबह हल्की बारिश और ठंडी ठंडी हवाओं ने राजधानीवासियों का स्वागत किया, लेकिन दोपहर आते आते बादलों से सूरज ने मुंह निकाला और धीरे धीरे लाल होने लगा।

दिल्ली का मौसम

प्रादेशिक मौसम विभाग दिल्ली केंद्र (IMD) के अनुसार, बारिश व तेज हवाओं के बाद दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस मौसम के सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी घटकर 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस मौसम के सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है।

फिर तपेगी राजधानी

आईएमडी ने अनुमान जताया है कि शुक्रवार को भी दिल्ली में मौसम राहत भरा हल्की बारिश वाला रह सकता है। तापमान में भी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद शनिवार से तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी और हीटवेव भी परेशान कर सकती है। अनुमान है कि 23-24 जून को दिल्ली में हीटवेव परेशानियां पैदा करने वाली होगी। तापमान भी 40 से बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यह हालात मानसून के दिल्ली दस्तक देने की अनुमानित 29 जून तक बने रह सकते हैं।

बता दें कि दिल्ली में मई महीने से ही भीषण गर्मी पड़ रही है, जबकि जून महीने में सालों बाद ऐसा हुआ कि लगातार सात दिन से अधिक लू चलती रही। वहीं, अधिकतम पारा भी कई दिल लगातार 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज होता रहा। भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली लू ने लोगों को घरों में बंद रहने के लिए मजबूर कर दिया। अब दिल्ली वाले सबसे ज्यादा बेसब्री से मानसून की झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे है।

दिल्ली में मानसून की दस्तक

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में इस महीने के अंत में यानी 29 या फिर 30 जून तक दिल्ली में मानसून दस्तक दे सकता है। हालांकि, अभी दिल्ली वालों को प्री मानसून बारिश थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, आज शुक्रवार को भी दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 22 जून को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में भी मौसम में हुए बदलाव के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज शुक्रवार को भी प्रदेश के 19 जिलों में बादल छाए रहेंगे। प्रदेश में चंडीगढ़, अंबाला और रोहतक को छोड़कर गरज के साथ तेज हवाएं चलेंगी। जिससे लोगों को गर्मी से और राहत मिलेगी। वहीं, आज शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान हैं।

बता दें कि प्रदेश में गुरुवार को बूंदाबांदी के कारण अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, आंधी से बिजली गुल हो गई और कुछ स्थानों पर पेड़ भी टूट कर गिर गए। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

23 जून से मौसम फिर लेगा करवट

मौसम विभाग के अनुसार, 22 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। बीच-बीच हवा की गति तेज होने के साथ धूल उड़ने तथा बूंदाबांदी की भी संभावना बनी हुई है। तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है। वहीं, 23 जून के बाद प्रदेश एक बार फिर लोगों को कुछ दिनों के लिए लू और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

हरियाणा में मानसून की दस्तक

मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा में इस महीने के अंत तक मानसून दस्तक दे सकता है। हालांकि, हरियाणा में प्री मानसून की बारिश से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली।