Delhi Weather Today:  राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बुधवार को भी घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग की मानें, तो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक कोहरे की मोटी चादर छाई रही। वहीं इस घने कोहरे की वजह से हवाई और रेल यातायात पर भी काफी असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक घना कोहरा छाने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने बुधवार को राजधानी दिल्ली समेत आस-पास के कई क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक घना कोहरा रहने का अलर्ट जारी किया है। यहां बुधवार से लेकर शुक्रवार तक घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग की ओर से  बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट और गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आज का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। इसलिए घर से निकलते समय सावधानी बरतें और अगले तीन दिनों तक लंबी यात्रा करने से बचें। बुधवार को घने कोहरे की वजह से कई ट्रेन और फ्लाइट लेट हुई। 

 

कोहरे की वजह से 11 फ्लाइट डायवर्ट, 20 ट्रेन हुई लेट 

मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार की सुबह दिल्ली के पालम मौसम केंद्र में सुबह दृश्यता का स्तर 50 मीटर से भी कम रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 07 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घने कोहरे की वजह से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने वाले 11 विमानों को जयपुर और एक विमान को लखनऊ के लिए डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा बीस से ज्यादा ट्रेनों का संचालन भी देरी से हुआ।

इस वजह से छा रहा घना कोहरा

मौसम विभाग का कहना है कि पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिला था। इससे वायुमंडल में नमी काफी बढ़ गई है। इन दिनों हवा की रफ्तार भी कम है। ये ही कारण है कि घना कोहरा छा रहा है। हालांकि, आने वाले दिनों में हवा में नमी होने की संभावना है।

कोहरे की वजह से चार लोगों की मौत 

कोहरे की वजह से सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। फरीदाबाद में कोहरे के चलते दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दो डंपरों की टक्कर में चालक जिंदा जल गया। वहीं, नोएडा में दो जबकि गाजियाबाद में एक की मौत हुई है।