Delhi Crime: आदर्श नगर में दो गुटों के बीच जमकर चले पेट्रोल बम और गोलियां, एक आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के आदर्श नगर थाना इलाके में दो गैंगों के बीच जमकर पेट्रोल बम चले और कई राउंड फायरिंग हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।;

By :  Pushpendra
Update: 2024-01-13 03:06 GMT
Delhi Crime
दिल्ली के आदर्श नगर की घटना सीसीटीवी में कैद।
  • whatsapp icon

Delhi Crime: उत्तर पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर थाना इलाके से एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें दो गुटों के झगड़े के बाद जमकर पेट्रोल बम चले और ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना गुरुवार रात की है। इस मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस को दी गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य की तलाश की जा रही है।

दो गैंग के बीच हुआ झगड़ा

आदर्श नगर थाना इलाके में ये बवाल गोपी और साहिल गैंग के बीच हुए झगड़े के बाद हुआ। इस दौरान सरेआम फायरिंग भी की गई। पेट्रोल बम भी फेंके गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों गैंग के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी के चलते साहिल गैंग के सदस्यों ने दुश्मन गैंग के सरगना के घर पर जमकर गोलियां बरसाईं। लाल बाग इलाके में सक्रिय गोपी और साहिल गिरोह की अक्सर भिड़ंत होती रहती है। हालांकि, इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है।

कई धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया है। आदर्श नगर पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 336 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य), 436 (घर को नष्ट करने के इरादे से आग या विस्फोटक पदार्थ द्वारा शरारत) और 506 (आपराधिक धमकी के लिए सजा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच जारी है। सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Delhi Crime: 19 साल की गर्भवती महिला को मारा चाकू, चेहरा कुचला, अस्पताल में लड़ रही जिंदगी और मौत की जंग

कानून-व्यवस्था पर लोगों ने जाहिर की नाराजगी

सोशल मीडिया पर फुटेज सामने आने के बाद यूजर्स ने राष्ट्रीय राजधानी में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की।एक यूजर ने हमले का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि दिल्ली में उपद्रवियों को कानून का कोई डर नहीं है। वहीं, राजधानी शहर में गुंडागर्दी को रोकने में दिल्ली पुलिस की प्रभावशीलता पर उंगली उठाते हुए एक अन्य ने टिप्पणी की। यह दिल्ली में एक दैनिक दिनचर्या बन गई है, अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं है। 

Similar News