Delhi Politics: दिल्ली सरकार ने बस मार्शलों को दिवाली का तोहफा देने का ऐलान किया है। दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने कहा है कि चार महीनों के लिए प्रदूषण से लड़ने के लिए बस मार्शलों को नौकरी दी जाएगी। बता दें कि दिल्ली में 10 हजार बस मार्शलों को नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद से ही ये मुद्दा गरमाया हुआ है। बस मार्शलों ने कई बार इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन भी किया है। प्रदर्शन के दौरान कई बार दिल्ली सरकार के मंत्री भी शामिल हुए था। 

वीडियो में क्या बोले सौरभ भारद्वाज

दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए बस मार्शलों को खुशखबरी दी है। उन्होंने कहा कि जो भी मार्शल भाई बहन हैं, उन्हें आने वाले चार महीनों के लिए प्रदूषण से लड़ने के लिए नौकरी मिलेगी। अरविंद केजरीवाल आप सभी भाई-बहनों के लिए जो लड़ाई लड़ रहे हैं, उसके रुझान आने शुरू हो गए हैं। आप सभी का संघर्ष रंग लाया है। जब तक आप लोगों को मार्शल के पद पर फिर से नौकरी नहीं दी जाती, तब तक ये लड़ाई जारी रहेगी। केजरीवाल सरकार ने ये वादा किया है कि भाजपा ने षड्यंत्र करके आप लोगों को नौकरी से निकलवाया है। हम उस षड्यंत्र को खत्म करेंगे और आप लोगों को फिर से नौकरी दिलाएंगे। हम भारतीय जनता पार्टी को चैन से सांस नहीं लेने देंगे। उन लोगों के षड्यंत्र को खत्म करके आप लोगों की जिंदगी में खुशियां वापस लाएंगे। 

क्या है पूरा मामला

बता दें कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली की बसों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए 10 हजार मार्शलों को नौकरी दी थी। इसके बाद नवंबर 2023 में बस मार्शलों को उनकी नौकरी से निकाल दिया गया। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी अक्सर एक-दूसरे के आमने-सामने होती हैं। दरअसल, आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना के आदेश पर मार्शलों को उनकी नौकरी से निकाला गया है। वहीं एलजी वीके सक्सेना और भाजपा का कहना है कि आम आदमी पार्टी ने उन्हें नौकरी से निकाला है। भाजपा का कहना है कि आम आदमी पार्टी वाले बस मार्शलों को उनकी तनख्वाह नहीं दे पा रहे थे, जिसके कारण उन्होंने ही मार्शलों को नौकरी से निकाला और इसका दोष हमारे सिर पर मढ़ रहे हैं। 

ये भी पढ़ें: Delhi Elections: महरौली में केजरीवाल को दिखाए गए काले झंडे, जमकर हुई नारेबाजी, जानिए वजह