Ed Raid: आम आदमी पार्टी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। अब ईडी ने सोमवार सुबह AAP के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा के जालंधर स्थित घर पर छापा मारा है। इसको लेकर दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी आम आदमी पार्टी को तोड़ने के लिए कितनी भी कोशिश कर लें। आम आदमी पार्टी वाले न रुकेंगे, न बिकेंगे और न ही डरेंगे। 

दरअसल, मनीष सिसोदिया ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि  'आज फिर मोदी जी ने अपने तोता मैना को खुला छोड़ दिया है। आज सुबह से आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजीव अरोड़ा जी के घर ईडी वाले रेड कर रहे है। पिछले दो सालों मैं इन्होंने अरविंद केजरीवाल के घर रेड कर लिया, मेरे घर रेड कर दिया, संजय सिंह के घर रेड दिया, सत्येंद्र जैन के घर रेड कर दिया... कहीं भी कुछ भी नहीं मिला। लेकिन पूरी शिद्दत से मोदीजी की एजेंसियां लगी हुई है एक के बाद एक फर्जी केस बनाने मैं।  आम आदमी पार्टी को तोड़ने के लिए यह लोग किसी भी हद तक जाएंगे। लेकिन, ये कितनी भी कोशिश कर ले, आम आदमी पार्टी वाले ना रुकेंगे, ना बिकेंगे और ना डरेंगे।

 

संजीव अरोड़ा बोले पूरा सहयोग करूंगा

खबरों की मानें, तो ईडी का आरोप है कि संजीव अरोड़ा का अपना बिजनेस है। उन्होंने जमीन एलॉट करवाने में फ्रॉड किया है। जिसके चलते यह छापेमारी की गई है।  वहीं इस मामले में संजीव अरोड़ा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं और यह छापेमारी क्यों की गई है, इसके बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा और उनके सभी प्रश्नों के उत्तर देने का प्रयास करूंगा। 

संजय सिंह ने भी पीएम पर लगाए आरोप

वहीं इस मामले में आप सांसद संजय सिंह ने भी पीएम मोदी पर आरोप लगाए है। उन्होंने ट्विट कर लिखा कि मोदी जी की फर्जी केस बनाने वाली मशीन 24 घंटे आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ी हुई है। सुप्रीम कोर्ट ने कई बार लताड़ा की झूठे केस बनवाना बंद करो। मगर उसके बाद भी ईडी को समझ नहीं आ रहा है। 

कौन हैं संजीव अरोड़ा

बता दें कि संजीव अरोड़ा की गिनती लुधियाना के बड़े व्यापारियों में होती है। वह कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट भी चलाते हैं।