Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में सूर्य देवता इन दिनों आग उगलने लगे हैं। जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। आलम ये है कि पंखे और कूलर में भी राहत नहीं मिल रही है। भयंकर गर्मी का प्रकोप सिर्फ दिल्ली में नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत में दिखाई दे रहा है। कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री से भी दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अभी आने वाले दिनों में लोगों और भी ज्यादा गर्मी से परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दिल्‍ली-एनसीआर में इस वीकेंड पारा 46 डिग्री तक पहुंचने के आसार है। विभाग ने आने वाले दो दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट भी जारी किया है।

आज 45 डिग्री के तक रह सकता है तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार और रविवार को दिल्ली, हरियाणा में ‘बहुत गर्म हवा’ चलने का अनुमान है। इसको लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया गया है, IMD का कहना है कि आने वाले पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में बहुत गर्मी पड़ेगी। दिल्ली में आज शनिवार तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए ये गर्मी बहुत खतरनाक हो सकती है। ज्यादा देर धूप में रहने या ज़ोर का काम करने वालों को भी लू लगने का खतरा ज्यादा है।

ये भी पढ़ें:- एमपी में 42 डिग्री पार हुआ पारा; कई जिलों में आंधी के साथ बारिश का अनुमान, जानें IMD का अलर्ट

गर्मी ने तोड़ा 14 साल का रिकॉर्ड

बीते दिन शुक्रवार को दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सर्वाधिक रहा। यही नहीं, 14 साल बाद दिल्ली में 17 मई यानी शुक्रवार को इतनी भीषण गर्मी पड़ी है। हरियाणा के सिरसा में भी पारा 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लोग बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर जाएं। अधिक समय तक सीधे सूरज के प्रकाश में रहने पर लू का खतरा है।अगर घर निकल भी रहे हैं तो सर को ढक कर ही निकले और बार-बार पानी पीते रहें।