Amity University Firing: दिल्ली से सटे नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच शुक्रवार शाम को झड़प हो गई।इस दौरान कैंपस के बाहर फायरिंग की गई। इस फायरिंग में एक छात्र घायल हो गया है। उसके पैर में गोली लग गई है। जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला नोएडा सेक्टर-125 थाना क्षेत्र का है। जिस छात्र के पैर में गोली लगी है, वह एमिटी यूनिवर्सिटी का ही छात्र है। खबरों की मानें, तो छात्र का कुछ बाहरी लोगों से झगड़ा चल रहा था। इसी के चलते शुक्रवार को विवाद हो गया और दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर फायरिंग कर दी। जिसमें गोरिश भाटी नाम का छात्र गोली लगने से घायल हो गया है।

पुलिस का कहना है कि यह घटना शाम करीब 4 बजे की है। यहां सेक्टर-125 रेड लाइट के पास फायरिंग की सूचना मिली थी। जिसके तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां जाकर देखा कि गौरीश भाटी की जांघ में गोली लगी है। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज जारी है। छात्र की पहचान सलारपुर निवासी के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम नरेंद्र भाटी है। फिलहाल, पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।