Delhi Accident: दिल्ली के गाजीपुर इलाके में बुधवार रात बीच बाजार बेकाबू हुई कार ने 10 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, वहीं नौ लोग घायल हो गए। घटना के समय नाबालिग कार चालक ने मौके से फरार होने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ बुरी तरह से पीट दिया। कार में भी तोड़फोड़ की गई। मृत महिला की पहचान खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद निवासी सीता देवी के तौर पर हुई। लोगों में घटना को लेकर काफी आक्रोष पैदा होने के बाद पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।

पुलिस के अनुसार, बुध बाजार, मयूर विहर फेज-3 में यह हादसा हुआ। उस वक्त साप्ताहिक बाजार के कारण वहां काफी भीड़भाड़ थी। तभी मेन रोड से तेज रफ्तार सिल्वर कलर हुंडई कार बाजार में लगी एक दुकान में घुस गई। इस दौरान करीब 10 लोग कार की चपेट में आकर घायल हो गए। लोगों ने चालक को वहीं मौके पर दबोच पिटाई कर दी। कार में भी तोड़फोड़ कर दी। रात करीब साढ़े नौ बजे हादसे की सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद घायलों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। लोगों की मारपीट से आरोपी कार चालक भी घायल हो गया था।

दुर्घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद

पुलिस की जांच में पता लगा घटना के समय कार 17 साल का एक लड़का चला रहा था। वह पॉलटेक्निक का छात्र है। उसके साथ एक अन्य लड़का भी मौजूद था जो मौके से भागने में कामयाब हो गया था। यह दुर्घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लिया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस को पता चला कि ऑनलाइन टैक्सी सेवा के लिए इस्तेमाल की जाने वाली इस कार को आमतौर पर नीरज चलाता है, जिसे मालिक राजकुमार के साथ जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। अब पुलिस जांच कर यह पता लगा रही है आखिर इन दोनों नाबालिगों को कार किसने दी थी।