Delhi News: दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दरअसल, पुलिस ने नकली आभूषण देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से पांच पुराने सिक्के, सोने की पॉलिश वाला मंगलसूत्र,दो किलो लोहे की सोने का पानी चढ़ी माला और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी खुदाई में मिले सोने को बेचने के बहाने ठगी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों के नाम किशोर कुमार, कन्हैया लाल और राजो देवी है। मीडिया को इस खबर की जानकारी पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने दी। 

चाय लेने गया तो मिला ठग

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सनलाइट कॉलोनी के रहने वाले एक पीड़ित ने शिकायत की थी कि वह जमरूदपुर के एक अस्पताल में काम करता है। उसने बताया कि 2 दिसंबर को वह अस्पताल के बाहर चाय लेने गया था। वहीं पर उससे एक व्यक्ति मिला, उसने बताया कि वह मजदूर है और उसे खुदाई के दौरान एक किलो सोना मिला है। वह उसे 10 लाख में बेचना चाहता है। आरोपी ने पीड़ित को लालच दिया और तीन लाख लेकर उसे सोने की जगह सोने का पानी चढ़ा लोहा थमा दिया था। 

कड़ी मशक्कत के बाद पकड़े गए आरोपी

जब उसने सोने की जांच कराई तो ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने ग्रेटर कैलाश थाने में घटना के बारे में मामला दर्ज कराया। चितरंजन पार्क सब डिवीजन एसीपी नीरज टोकस और स्थानीय थानाध्यक्ष अजीत कुमार की टीम की कड़ी मशक्कत के बाद महिला नांगलोई निवासी राजो देवी सहित फरीदाबाद के शिव दुर्गा विहार निवासी किशोर कुमार और कन्हैया लाल को गिरफ्तार किया।

आरोपियों ने कबूला जुर्म   

पुलिस पूछताछ में किशोर कुमार और कन्हैया ने अपना जुर्म कबूल किया है। उन्होंने बताया कि वह कई लोगों को ठगी का शिकार बना चुके हैं। पकड़ी गई महिला को दोनों अपनी चाची बताते थे। पकड़े गए आरोपी किशोर पर गुडगांव के एक केस में लिप्त पाया गया है। वहीं कन्हैया पर भी साकेत थाने में धोखाधड़ी का एक केस दर्ज है।

ये भी पढ़ें:- Delhi News: कार टकराने पर युवक को पीट-पीटकर किया अधमरा, अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा पीड़ित