MCD News: दिल्ली को अवैध कचरा प्वाइंट्स मुक्त (Illegal Garbage Points) बनाने के लिए महापौर शैली ओबेरॉय (Mayor Shelly Oberoi) विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगी। इस बात की जानकारी शुक्रवार को खुद महापौर ने दी है।

दरअसल,महापौर शैली ओबेरॉय ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की आम आदमी पार्टी सरकार दिल्ली को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए काम कर रही है। इस दिशा में लगातार काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही सुनिश्चित करेंगी कि कहीं भी अवैध कचरा निपटान स्थल (जीवीपी) न रहे। इसके लिए हर जोन का दौरा किया जाएगा और जहां भी अवैध कचरा प्वाइंट्स मिलेंगे। उन्हें वहां से हटाया जाएगा।

महापौर ने दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों के साथ की बैठक

महापौर शैली ओबेरॉय ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों के साथ जीवीपी हटाने के कार्य की समीक्षा करने के लिए बैठक की। इसमें जोन वार सभी जीवीपी स्थलों को हटाने के कार्य की प्रगति की समीक्षा की। महापौर ने अधिकारियों को अवैध कचरा प्वाइंट्स हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तय समय के भीतर दिल्ली के सभी जीवीपी को हटाया जाए और इस पर सख्ती से पालन किया जाए।बता दें कि इससे पहले भी दिल्ली में अवैध कचरा प्वाइंट्स हटाने के लिए अभियान चलाया जा चुका है।