Jangpura Seat: कांग्रेस के महताब खान राजा 'आप' में शामिल, मनीष सिसोदिया ने किया स्वागत, जानें क्या है समीकरण? 

Mahtab Raja Khan and Manish Sisodia
X
महताब राजा खान और मनीष सिसोदिया।
Jangpura Assembly Seat: दिल्ली विधानसभा चुनाव के मतदान से ठीक पहले कांग्रेस के जंगपुरा विधानसभा अध्यक्ष महताब खान राजा ने आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली है। आइए जानते हैं इस सीट पर चुनावी समीकरण क्या हैं?

Jangpura Assembly Seat: दिल्ली की जंगपुरा सीट के सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। दरअसल कांग्रेस पार्टी के जंगपुरा विधानसभा अध्यक्ष महताब खान राजा ने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। इससे उनके समर्थक भी कांग्रेस छोड़ आप में शामिल हो गए हैं। मनीष सिसोदिया ने उन्हें पार्टी की अध्यक्षता दिलाई। आम आदमी पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर इस बात की जानकारी साझा की गई है।

आम आदमी पार्टी ने शेयर किया पोस्ट

आम आदमी पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस बात की जानकारी साझा की गई है कि कांग्रेस के जंगपुरा विधानसभा अध्यक्ष महताब खान राजा ने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली है। शिक्षा क्रांति के जनक मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में वे पार्टी में शामिल हुए। साथ ही बताया गया कि महताब खान राजा राजनीति के साथ ही संगीत जगत में भी एक बड़ा नाम हैं। उनके आम आदमी पार्टी में शामिल होने से काम की राजनीति को और बल मिलेगा।

जंगपुरा सीट के सियासी समीकरण

बता दें कि जंगपुरा सीट पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। आम आदमी पार्टी ने इस बार यहां से मनीष सिसोदिया को टिकट दिया है। इससे पहले मनीष सिसोदिया लगातार तीन बार पटपड़गंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। उन्होंने 2013, 2015, 2020 में विधानसभा चुनाव जीतकर हैट्रिक बनाई। भाजपा ने जंगपुरा से तरविंदर सिंह मारवाह को जंगपुरा में मनीष सिसोदिया के खिलाफ टिकट दिया है। मारवाह पहले कांग्रेस पार्टी में थे और बाद में भाजपा में शामिल हो गए। वो इस सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वहीं कांग्रेस ने इस सीट से फरहाद सूरी को टिकट दिया है। कहा जा रहा है कि जंगपुरा विधानसभा सीट पर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

ये भी पढ़ें: चांदनी चौक में राघव चड्ढा और मीका सिंह की जुगलबंदी, केजरीवाल बोले- पैसे ले लें, लेकिन स्याही न लगवाएं

2020 में कैसा रहा परिणाम

2020 में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार प्रवीण कुमार ने जीत हासिल की थी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी इम्प्रीत सिंह बख्शी को हराया था। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार तरविंदर सिंह मारवाह तीसरे स्थान पर रहे थे। प्रवीण कुमार को कुल 45,133 वोट मिले थे। वहीं भाजपा इम्प्रीत सिंह बख्शी को 29,070 वोट मिले थे और तरविंदर सिंह मारवाह को 13,565 वोट मिले।

2015 में चली आम आदमी पार्टी की झाड़ू

2015 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रवीण कुमार ने जंगपुरा सीट से जीत दर्ज की थी और उन्हें 43,927 वोट मिले थे। भाजपा उम्मीदवार मनिंदर सिंह धीर को 23,477 वोट मिले थे और वो दूसरे नंबर पर रहे। वहीं तरविंदर सिंह मारवाह को 22,662 वोट ही मिल सके थे। इस विधानसभा सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 88561 है। इनमें से 48227 पुरुष मतदाता हैं और 40330 महिला मतदाता हैं।

ये भी पढ़ें: भाजपा, आप और कांग्रेस पर केस!: कैश वाली योजनाओं के वादे पहुंचे हाईकोर्ट, जनहित याचिका में बताया गया असंवैधानिक

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story