JN.1 variant in delhi: दिल्ली में कोरोना के नए JN.1 वैरिएंट का पहला मामला सामने आया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाल ही में तीन नमूने कलेक्ट किए गए थे। इनमें से एक JN.1 पाया गया है, जबकि अन्य दो की पहचान ओमिक्रॉन वैरिएंट के रूप में की गई। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि JN.1 से हल्का संक्रमण होता है। यह मुख्य रूप से दक्षिण भारत में पाया जाता रहा है। इससे घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इस वैरिएंट से महज हल्का बुखार आ सकता है। वहीं, बुधवार को देश में एक ही दिन में कोरोना के 529 नए मामले सामने आए।

भारत में JN.1 वैरिएंट के कितने मामले
26 दिसंबर तक देश में JN.1 वैरिएंट के कुल 109 मामले दर्ज किए गए हैं। ये मामले गुजरात, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, केरल, राजस्थान, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे राज्यों में पाए गए। जेएन.1 से संक्रमित ज्यादातर मरीज मौजूदा समय में अपने घरों पर ही आइसोलेशन में है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने जेएन.1 को कोरोना के मूल वंश बीए.2.86 से अलग कैटेगरी का बताया है। इसके साथ ही यह भी कहा है कि JN.1 से ज्यादा जोखिम होने की संभावना नहीं है। 

सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों पर जोर
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव सुधांश पंत ने हाल ही में राज्यों से कोरोना को लेकर एहतियात बरतने की सलाह दी है। हाल ही में उन्होंने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखी। इसमें कोरोना नियंत्रण और प्रबंधन उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने की सलाह दी। पंत ने केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी कोरोना दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया। इसके बाद राज्यों ने इस दिशा में कदम उठाया है। 

देश में संक्रमितों की संख्या 4 हजार से ज्यादा
स्वास्थ्य मंत्रालय के अपडेट के अनुसार, देश में संक्रमितों की संख्या 4,093 है। 24 घंटों की अवधि में, तीन नई मौतें हुईं है। मरने वालों  में से दो कर्नाटक से और एक गुजरात से हैं। देश में 5 दिसंबर तक डेली सामने आने वाले मामलों में गिरावट देखी गई थी। हालांकि, ठंड बढ़ने और नया वैरिएंट सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या एक बार और बढ़ने लगी है। कोरोना महामारी देश में 2020 की शुरुआत में शुरू हुई, जिससे 4.5 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए। इसकी वजह से देश भर में 5.3 लाख से अधिक मौतें हुईं।