LPG Price Hike: सितंबर महीने की शुरुआत में लोगों को जेब पर असर पड़ा है। दिल्ली से लेकर मुंबई तक एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) की कीमतों में बढ़ोतरी की है। इससे पहले अगस्त माह की शुरुआत में गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की गई थी।

दिल्ली में इतना महंगा हुआ LPG Cylinder

दिल्ली में अगस्त के बाद अब एक बार फिर सितंबर महीने की शुरुआत यानी 1 सितंबर, 2024 से एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया यानी 14 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमतें अभी पहले जैसे ही रहेंगी, लेकिन 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाई गई हैं। दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर 39 रुपये तक महंगा हो गया है।

39 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़े दाम

IOCL की वेबसाइट के अनुसार, कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव दिल्ली से मुंबई तक किया गया है। सिलेंडर की नई कीमतें आज रविवार यानी 1 सितंबर सुबह 6 बजे से लागू कर दी गई हैं। अब राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 1652.50 रुपये से बढ़कर 1691.50 रुपये का हो गया है। दिल्ली में प्रति सिलेंडर 39 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।

इससे पहले 1 अगस्त को बढ़े थे दाम

दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी इससे पहले एक अगस्त को की गई थी। इस दौरान 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर पर 8.50 रुपये का इजाफा किया गया था।