Main Bhi Kejriwal Campaign: जनता से मिल रहे भारी समर्थन के कारण आम आदमी पार्टी (AAP) ने 'मैं भी केजरीवाल' अभियान के तहत डोर टू डोर कैंपेन की समय सीमा बढ़ाने का ऐलान किया है। अब यह अभियान 30 दिसंबर, 2023 तक चलेगा, जिसमें 4 जनवरी से लेकर 7 जनवरी, 2024 तक पूरी दिल्ली में आप नेता जनसभाएं करेंगे।

इस बात की जानकारी आप के प्रदेश संयोजक और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने दी। गोपाल राय ने कहा कि जिस तरीके से मोदी सरकार आप और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ षड्यंत्र रच रही है, उसको लेकर दिल्ली की जनता बहुत गुस्से में है।

उन्होंने आगे कहा कि लोगों का कहना है अरविंद केजरीवाल ने हमारे लिए अच्छे स्कूल और अस्पताल बनवाए। आज महिलाओं को फ्री में बस यात्रा मिल रही है। हमारे बिजली और पानी के बिल जीरो आ रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया है। क्या मोदी सरकार अच्छे कामों के लिए हमारे नेता को गिरफ्तार करना चाहती है?

दिल्ली की जनता कह रही है कि जो काम दिल्ली में हमारे लिए किसी सरकार ने नहीं किए, वह काम दिल्ली के बेटे अरविंद केजरीवाल कर रहे हैं। हम अपने सीएम को गिरफ्तार नहीं होने देंगे। अगर उनको गिरफ्तार किया गया, तो हम भी उनके साथ जेल में जाएंगे।

गोपाल राय ने आगे कहा कि दिल्ली की जनता से हमारे अभियान को एकतरफा समर्थन मिल रहा है। मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ जनता एक सुर में कह रही है कि अगर मोदी सरकार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करा लेती है, तो उन्हें अपना इस्तीफा नहीं देना चाहिए। उन्हें जेल में रह कर ही सरकार चलानी चाहिए।