Murder in Delhi: राजधानी दिल्ली में आए दिन हत्या के मामले सामने आ रहे हैं। पंजाबी बाग इलाके से भी हत्या का मामला सामने आया है। यहां महज 1500 रुपये के लेनदेन के विवाद में आरोपी ने शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित विनोद उर्फ विन्नू का शव 22 दिसंबर को मादीपुर जेजे क्लस्टर में उसके घर से बरामद किया गया और पुलिस को उस व्यक्ति के शरीर पर कई घाव के निशान मिले थे। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने दी घटना की जानकारी

घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतक इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। उसने अपने एक पड़ोसी अब्दुल्ला को 15,00 रुपये उधार दिए थे। इस बात को लेकर मृतक और आरोपी के बीच कई बार विवाद भी हुआ था। पुलिस ने बताया कि घटना से एक दिन पहले भी विनोद का अब्दुल्ला से झगड़ा हुआ था। वहीं, विनोद भी आरोपी के घर गया था, लेकिन वह घर पर नहीं था। इसके बाद पैसों को लेकर विनोद की आरोपी के परिवार से बहस हो गई। 

बहस के बारे में सुनकर आरोपी अब्दुल्ला बहुत गुस्से में आ गया। गुस्से में वह विनोद के घर गया और चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि चाकू के हमले से घायल विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और 25 दिसंबर को उसे मुकुंदपुर इलाके से पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि विनोद अपने बड़े भाई के साथ रहता था। 

दिल्ली में पिछले कुछ महीनों में बढ़ी चाकूबाजी की घटनाएं

राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ महीनों में अपराध और हत्या के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। दिल्ली में हत्या की कई घटनाएं देखी गई हैं। बीते कुछ महीनों पहले एक घटना में, दिल्ली विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट कॉलेज के छात्र निखिल चौहान को डीयू के साउथ कैंपस के पास उसके कॉलेज के बाहर छात्रों के एक समूह ने पीटा और चाकू मारकर हत्या कर दी। निखिल और छात्रों के समूह के बीच उसकी प्रेमिका को लेकर हुए विवाद के बाद निखिल चौहान की हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया था।

दिल्ली के मंडावली में महिला की हत्या

पूर्वी दिल्ली के मंडावली में एक 72 साल की महिला को बेरहमी से 50 बार चाकू मारा गया था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद बताया था कि उनके बेटे के क्लिनिक के बाहर तीन हमलावरों ने उनको चाकू मारा और हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि संपत्ति के विवाद के बाद बुजुर्ग की हत्या की गई।

शाहबाद डेयरी में नाबालिग लड़की पर चाकू से वार

29 मई को दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 20 साल के लड़के ने एक नाबालिग लड़की की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। नाराज लड़के ने लड़की को बेरहमी से पीटने के बाद 15 से ज्यादा बार चाकू मारा और यह सब आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। आरोपी साहिल खान को बाद में दिल्ली पुलिस ने अरेस्ट कर लिया था।

बिरयानी के लिए नाबालिग की हत्या

एक घटना उत्तर पूर्वी दिल्ली से भी सामने आई थी। यहां पर एक युवक ने बिना जान पहचान और बिना किसी विवाद के एक नाबालिग की 60 बार चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। उसकी गर्दन काटने की कोशिश की, सिर पर लात मारी और उसके खून से लथपथ शरीर को एक संकरी गली में घसीटा। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हिंसक हमले के दौरान उन्होंने डांस भी किया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।