Delhi: दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मियों ने दिल्ली नगर निगम समस्त यूनियन कोर कमेटी के बैनर तले अपनी मांगों को लेकर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर के गेट नंबर 5 के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और निगम में नेता विपक्ष राजा इकबाल सिंह ने भी सफाई कर्मियों को समर्थन देने की बात कही।

वहीं, यहां विभिन्न सफाई कर्मियों की यूनियनों के पदाधिकारियों ने सफाई कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम सरकार ने कभी भी निगम सफाई कर्मियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया और उन्हें पूरा नहीं किया। इस कड़ी ठंड में सफाई कर्मियों ने नग्न अवस्था में भी प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मौजूद प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती और महापौर डॉ शैली ओबेरॉय को यह चेतावनी दी कि अगर हमारी प्रस्तावित मांगों को नहीं माना गया, तो पूरी दिल्ली में काम बंद हड़ताल की जाएगी, जिसके लिए दिल्ली नगर निगम, दिल्ली सरकार और केन्द्र सरकार जिम्मेदार होंगी। प्रदर्शन में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश सहित कांग्रेस के कई पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।

आप पार्टी के शासन में सफाई कर्मियों का हो रहा है शोषण- राजा इकबाल

दिल्ली नगर निगम में नेता विपक्ष एवं पूर्व महापौर राजा इकबाल सिंह ने निगम में सफाई कर्मियों के हो रहे शोषण के विरुद्ध आप सरकार पर बड़ा आरोप लगाया। राजा इकबाल सिंह ने कहा कि एक तरफ तो महापौर डॉ. शैली ओबेरॉय दिल्ली में साफ सफाई का जायजा लेने के लिए दौरा कर रही हैं। वहीं, दूसरी तरफ निगम के सफाई कर्मचारी अपने शोषण के खिलाफ आवाज उठाते हुए धरना दे रहे हैं।

राजा इकबाल ने कहा कि आरंभ से ही आप सरकार की कार्यप्रणाली कर्मचारी विरोधी रही है तथा आप पार्टी पिछले दरवाजे से निगम में ठेकेदारी प्रथा को लाकर अपने चहेते ठेकेदारों को अनुचित लाभ दिलाना चाह रही है। राजा इकबाल सिंह ने कहा कि एक तरफ तो आप पार्टी ढिंढोरा पीट रही थी कि हम कच्चे कर्मियों को पक्का करेंगे। वहीं दूसरी ओर सफाई कर्मचारी आज भी पक्का होने के इंतजार में हैं। भाजपा निगम प्रशासन से मांग करती है कि निगम विद्यालयों में कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों एवं चौकीदारों को भी पक्का करने की दिशा में कार्य किया जाए।

जनता को धोखा दे रहे है आप नेता- कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लवली ने कहा कि दिल्ली नगर निगम और दिल्ली सरकार के सत्ताधारी दल एमसीडी चुनाव में निगम में अस्थाई कर्मियों को पक्का करने के वादे के साथ सत्ता में आए थे परंतु आज तक न केवल सफाई कर्मियों को पक्का किया, बल्कि दिल्ली सरकार ने डीटीसी कर्मचारी, जल बोर्ड, होमगार्ड, सिविल डिफेंस, शिक्षा विभाग के कर्मियों को भी इसलिए पक्का नहीं किया, क्योंकि इनको पूरा वेतन और भत्ते देने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि कर्मियों के हक के पैसे मारकर सत्ता में बैठे नेता अपने प्रचार और सब्सिडी देने के रूप में जनता को धोखा दे रहे हैं। वहीं, पूर्व विधायक जय किशन ने कहा कि करुणामूलक आधार और 1 मार्च 96 से 31 मार्च 98 तक जितने निगम में कार्यरत कर्मचारी है उनका नियमितीकरण किया जाए और 1 मार्च 98 से 31 मार्च 2000 तक के कर्मियों को 2 साल के बैच अनुसार पक्का किया जाए। उन्होंने कहा कि निगम से सेवानिवृत्त व मृतक कर्मियों के अंतिम लाभांश का भुगतान 3 माह के अंदर किया जाए। उन्होंने कहा कि करुणामूलक आधार बोर्ड को जोन स्तर पर बैठाया जाए। यदि कर्मियों की मांगे नहीं मानी गई तो निगम और दिल्ली सरकार की सत्ता में बैठे नेताओं को सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।