Logo
दिल्ली के गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने तिहाड़ जेल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जेल में सुधारों और कैदियों के कल्याण को लेकर अधिकारियों को कई अहम निर्देश भी दिए।

Kailash Gehlot Visited Tihar Jail: दिल्ली के गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने शनिवार को तिहाड़ जेल नंबर-3 और 6 का दौरा कर जेल में सुधारों और कैदियों के कल्याण पर बल दिया। इस दौरे के दौरान गहलोत ने कैदियों के रहने की स्थिति में सुधार लाने, कर्मचारियों के कल्याण और सुविधाओं को और बेहतर करने की दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। वहीं, गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने जेल परिसर में विभिन्न शौचालय ब्लॉकों का भी निरीक्षण किया, जिनकी हालत बेहतर न देखकर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को तुरंत आवश्यक नवीकरण और मरम्मत करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर गृहमंत्री कैलाश गहलोत के साथ गृह सचिव चंचल यादव, जेल महानिदेशक सतीश गोलचा, अतिरिक्त महानिरीक्षण कारागार डॉ. अजय कुमार बिष्ट, जेल उप महानिर्देशक राजीव सिंह समेत जेल विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान गहलोत ने कहा कि जेल की स्थितियों में सुधार के लिए दिल्ली सरकार के चल रहे प्रयासों के तहत मैंने एशिया के सबसे बड़े जेल परिसर तिहाड़ का दौरा किया।

जेल स्टाफ की पदोन्नति करने का दिया प्रस्ताव

मंत्री गहलोत ने जेल कर्मचारियों की कड़ी मेहनत को सराहा और उनका मनोबल बढ़ाने व सुधारात्मक सेवाओं के अंदर प्रतिभा को बनाए रखने के लिए पदोन्नति के अवसर प्रदान करने का प्रस्ताव दिया। मंत्री गहलोत ने जेल के अंदर अब तक हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि सरकार भविष्य की सभी पहलों में कैदियों और कर्मचारियों दोनों के कल्याण को प्राथमिकता देना जारी रखेगी।

विजिटर्स के लिए इलेक्ट्रिक वाहन की सुविधा दी जाए

गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने तिहाड़ जेल में विजिटर्स के लिए इलेक्ट्रिक वाहन की सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव दिया। यह पहल दिल्ली सरकार के ‘ग्रीन ट्रांसपोर्टेशन’ को बढ़ावा देने और कार्बन फुटप्रिंट कम करने की मुहिम के अनुरूप है।

जेल फैक्ट्रियों उत्पादकता को बढ़ाने पर दिया जोर

गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने विभिन्न जेल फैक्ट्रियों के संचालन की समीक्षा की और उनकी उत्पादकता को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि उत्पादन प्रबंधन, क्षमता और उत्पादों के विपणन में सुधार के लिए इन कारखानों को सोसायटी पंजीकरण अधिनियम के तहत पंजीकृत किया जाना चाहिए।

कौशल विकास कार्यक्रमों का विस्तार

पुनर्वास पर जोर देते हुए कैलाश गहलोत ने कैदियों को समाज की मुख्य धारा में शामिल करने के लिए गहन कौशल विकास कार्यक्रमों के विस्तार का निर्देश दिया। बता दें कि व्यावसायिक प्रशिक्षण और पुनर्वास प्रयासों को बढ़ाने के लिए जेल विभाग कई संगठनों के साथ सहयोग कर रहा है।

जेलों में भीड़भाड़ कम करने पर जोर

इस दौरान मंत्री ने दिल्ली की जेलों में बढ़ रही कैदियों की भीड़भाड़ की भी जानकारी ली। इस संबंध में जेल मंत्री ने नरेला में प्रस्तावित जेल के निर्माण में तेजी लाने और बापरोला में जेल के लिए भूमि अधिग्रहण करने में गति लाने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाएं

गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने कैदियों को गुणवत्तापूर्ण देखभाल सुनिश्चित करने के लिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक व्यापक स्वास्थ्य कार्यक्रम चलाने का प्रस्ताव रखा। दिल्ली की सभी जेलों में एक व्यापक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।

5379487