Logo
मुनक नहर के टूटे हिस्से का निर्माण कार्य शुक्रवार देर रात पूरा हो गया है। अब हरियाणा से पानी भी छोड़ दिया गया है। इसके बाद आज शनिवार रात से ही द्वारका इलाके में पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी।

Munak Canal: दिल्ली के बवाना इंडस्ट्रियल एरिया के पास बुधवार यानी 10 जुलाई की रात मुनक नहर एक हिस्सा टूट गया था। जिसके चलते जेजे कॉलोनी के रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया। मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई। इसके बाद अगले दिन सुबह ही नहर को रिपेयर करने का काम शुरू कर दिया गया। अब नहर के टूटे हिस्से का निर्माण कार्य शुक्रवार देर रात पूरा हो गया है। इसकी जानकारी जल मंत्री आतिशी ने दी है।

मुनक नहर के टूटे हिस्से का निर्माण कार्य पूरा

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने आज शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि मुनक नहर के टूटे हिस्से का निर्माण कार्य शुक्रवार देर रात पूरा कर लिया गया है और आज सुबह 10:30 बजे हरियाणा ने ककरोई हेड से नहर में पानी छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा से छोड़ा गया है वो दिल्ली में करीब दोपहर 2 बजे तक पहुंचेगा।

द्वारका में रात से शुरू हो जाएगी पानी की सप्लाई

आतिशी ने बताया कि दिल्ली में पानी पहुंचने के बाद द्वारका वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू हो जाएगा। द्वारका वाटर ट्रीटमेंट प्लांट आज शाम करीब चार बजे शुरू हो जाएगा। इसके बाद द्वारका इलाके में आज रात से पानी की सप्लाई फिर से शुरू हो जाएगी। बता दें कि मुनक नहर का हिस्सा टूटने के हरियाणा के पानी को बंद किया गया था। जिसके चलते द्वारका वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी बंद करना पड़ा था। जिसके चलते द्वारका इलाके में लोगों को पानी के लिए थोड़ा परेशान होना पड़ा।

बवाना-जेजे कॉलोनी से भी भरा पानी निकाला गया

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का सिंचाई विभाग और दिल्ली जल बोर्ड की टीम अभी भी मौके पर मौजूद है। इसके साथ ही बवाना जेजे कॉलोनी में भरा पानी पंप के माध्यम से निकाल दिया गया और अब वहां की बिजली आपूर्ति भी बहाल कर दी गई है।

5379487