Logo
एनसीआरटीसी ने गाजियाबाद के साहिबाबाद और दिल्ली के न्यू अशोक नगर के बीच नमो भारत ट्रेन का ट्रायल शुरू कर दिया है। ट्रायल सफल होने के बाद दिल्ली के लोगों का सफर गाजियाबाद और मेरठ के लिए आसान हो जाएगा।

Namo Bharat Train Update: दिल्ली के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही दिल्ली से मेरठ तक का सफर आसान होने वाला है। इसके लिए नमो भारत ट्रेन का ट्रायल दिल्ली के न्यू अशोक नगर (New Ashok Nagar) से गाजियाबाद के साहिबाबाद तक शुरू हो गया है। अभी नमो भारत ट्रेन साहिबाबाद स्टेशन से मेरठ साउथ तक चलती है। जब यह ट्रायल सफल हो जाएगा, तो नमो भारत ट्रेन न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चलने लगेगा। इससे लाखों यात्रियों को फायदा होगा। 

दरअसल,  एनसीआरटीसी ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के साहिबाबाद-न्यू अशोक नगर सेक्शन के बीच ट्रायल शुरू कर दिया है। यह एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि नमो भारत ट्रेन अब दिल्ली में एंट्री कर रही है। अब कॉरिडोर का दिल्ली सेक्शन पहले से संचालित हो रहे साहिबाबाद मेरठ साउथ खंड से जुड़ने वाला है। ट्रायल पूरा होने के बाद दिल्ली से गाजियाबाद और गाजियाबाद से मेरठ तक का सफर आसान हो जाएगा और दिल्ली से मेरठ आने-जाने वाले लाखों यात्रियों को फायदा होगा। वह कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। 

साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक 12 किमी तक चलेगी नमो भारत 

एनसीआरटीसी के प्रवक्ता पुनीत वत्स ने बताया कि साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर इस सेक्शन की लंबाई करीब 12 किलोमीटर है। इस सेक्शन में आनंद विहार और न्यू अशोक नगर (Anand Vihar and New Ashok Nagar) दो आरआरटीएस स्टेशन बनाए गए। इस सेक्शन के संचालित होने पर नमो भारत ट्रेन से यात्री आसानी से न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक पहुंच सकेंगे। इस सफर को तय करने में करीब 40 मिनट लगेंगे। इससे मेरठ और दिल्ली के लोगों को काफी फायदा होगा। 

 

CH Govt hbm ad
5379487