Delhi Crime News: दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक युवक ने 30 वर्षीय महिला को कई बार चाकू से वार किए और उसे जान से मारने की कोशिश की। महिला अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। युवक महिला का ही पड़ोसी था जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कहा जा रहा है कि पड़ोसी युवक महिला से एकतरफा प्यार करते था और महिला से शादी करना चाहता था लेकिन महिला ने इनकार कर दिया। इसके बाद उसने ये भयावह कदम उठाया।

दो हफ्ते पहले महिला ने की थी शिकायत

बता दें कि महिला ने पिछले हफ्ते ही युवक से परेशान होकर उसकी बहन को इस मामले की जानकारी दी थी। महिला ने आरोपी के बुरे व्यवहार और उत्पीड़न की शिकायत की। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने ये कदम उठाया। युवक का नाम गोल्डी उर्फ रविंदर सिंह बताया जा रहा है। 

महीनों से परेशान कर रहा था आरोपी

महिला के परिवार वालों का कहना है कि व्यक्ति महीनों से महिला को परेशान कर रहा था। आरोपी ने दो महीने पहले तलवार दिखाकर उन्हें धमकी भी दी थी। हम पुलिस में शिकायत दर्ज कराने वाले थे लेकिन आरोपी की बहन ने विनती की कि ऐसा न करें और उसे माफ कर दें। 

क्या है पूरा मामला

दो साल पहले ही महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ गुरु नानक नगर इलाके में रहने आई थी। आरोपी उनके घर के सामने ही रहता था। पड़ोसी होने के नाते कभी-कभी आरोपी और महिला की बातचीत हो जाती थी। जब महिला को आरोपी से बातचीत करने में असहजता हुई, तो उसने बात करना बंद कर दिया और इससे आरोपी नाराज हो गया। उसने कई बार महिला को परेशान किया तो उसने उसकी बहन से शिकायत की, जिससे आरोपी नाराज हो गया। 

महिला के पति को आया था फोन

सोमवार सुबह महिला का पति लगभग 10.40 पर अपने घर से काम पर जाने के लिए निकल गया और कुछ देर बाद महिला पर चाकू से हमले किए गए। महिला के पति का कहना है किसोमवार सुबह लगभग 11.20 पर उसे पत्नी का फोन आया, वो फोन पर चिल्ला रही थी कि पड़ोसी ने उस पर चाकू से हमले किए हैं। उन्होंने तुरंत अपने दूसरे पड़ोसियों को फोन किया। पड़ोसियों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया था।   

बालकनी के रास्ते घर में घुसा था युवक

पुलिस का कहना है कि युवक बालकनी के रास्ते घर में आया था। तब बच्चे स्कूल गए थे और महिला का पति ऑफिस गया था। वहीं पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया है कि युवक ने उससे यौन उत्पीड़न की भी कोशिश की।

ये भी पढ़ें: प्रेमी को मारकर थाने पहुंची महिला, बोली- 'वो मुझे परेशान करता था, मैंने उसे मार दिया, उठा लाओ'