Parvesh Verma: दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर रही। मतगणना के समय पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे व भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हालांकि अंत में प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 4089 वोटों से करारी हार दी। अब ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि अरविंद केजरीवाल को करारी हार का सामना कराने वाले प्रवेश साहब सिंह कौन हैं और उनके पास कितनी संपत्ति है?
पिता मुख्यमंत्री और चाचा रहे नगर निगम के मेयर
बता दें कि प्रवेश वर्मा दिल्ली के एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से आते हैं। वो दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। उनके चाचा आजाद सिंह उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर रहे हैं। प्रवेश वर्मा का जन्म 17 नवंबर 1977 को हुआ था। उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम में शुरुआती पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज से कला स्नातक की डिग्री हासिल की और फिर उन्होंने स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए किया।
ये भी पढ़ें: दिल्ली के शुरुआती रुझानों से AAP मायूस, बीजेपी में जश्न की तैयारी, जानें सभी 70 सीटों का हाल
प्रवेश वर्मा का राजनीतिक सफर
साल 2013 में उनका राजनीतिक सफर शुरू हुआ। 2013 में उन्होंने महरौली का प्रतिनिधित्व करते हुए दिल्ली विधानसभा में एक सीट जीती। इसके बाद साल 2014 में उन्होंने पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ा और राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखा। साल 2019 में उन्होंने एक बार फिर सांसद का चुनाव लड़ा और 5,78,000 वोटों से जीत हासिल की। एक सांसद के कार्यकाल में प्रवेश वर्मा संसद सदस्यों के वेतन और भत्ते पर संयुक्त समिति के सदस्य रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने स्थायी समिति में भी काम किया।
प्रवेश वर्मा की संपत्ति
नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के पास कुल 95 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसमें उनके पास 77 करोड़ 89 लाख रुपए की चल संपत्ति और 11 करोड़ 25 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। वहीं उनकी पत्नी के पास 17 करोड़ 53 लाख की चल संपत्ति और 6 करोड़ 91 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। प्रवेश वर्मा ने चुनावी हलफनामे में बिजनेस और समाज सेवा के कामों को अपनी आय का जरिया बताया है। उनकी पत्नी प्राइवेट सर्विस करती हैं और समाज सेवा का काम भी करती हैं।
प्रवेश वर्मा के पास कैश, कार और सोना
प्रवेश वर्मा के पास लगभग 2 करोड़ 20 लाख रुपए कैश है और उनके पास तीन कारें हैं। इन कारों में 9 लाख रुपए की कीमत वाली टोयोटा फॉर्च्यूनर, 36 लाख रुपए की टोयोटा इनोवा और 11.77 लाख रुपए की महिंद्रा XUV कार है। प्रवेश वर्मा और उनके परिवार के पास लगभग 72 लाख रुपए का सोना है, जिसमें से 200 ग्राम सोना प्रवेश वर्मा के पास है, जिसकी कीमत 8.25 लाख रुपए है। वहीं उनकी पत्नी के 1.11 किलोग्राम सोना है, जिसकी कीमत लगभग 45.75 लाख रुपए है। प्रवेश वर्मा की दो बेटियां हैं जिनके पास 12.35 लाख रुपए की कीमत का लगभग 300 ग्राम सोना है। वहीं उनके बेटे के पास लगभग 150 गाम सोना है, जिसकी कीमत 6.17 लाख रुपए है।
प्रवेश वर्मा के ऊपर कितना कर्ज
प्रवेश वर्मा के ऊपर 62 करोड़ 60 लाख रुपए का कर्ज भी है। इसमें उनकी पत्नी के नाम पर 11 करोड़ 45 लाख रुपए का लोन है और साथ ही उनके भाई से लिया गया 22 करोड़ 59 लाख रुपए का पर्सनल लोम भी शामिल है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली की दलित सीटों पर बीजेपी ने बनाई बढ़त, आगे भी यही रहेगा ट्रैंड या बदलेंगे रुझान, जानें यहां