168 साल पुराने अंग्रेजों के जमाने को कहा जाएगा बाय: यमुना ब्रिज लेगा उसकी जगह, दिल्ली-गाजियाबाद के बीच बेहतर होगी रेल कनेक्टिविटी

Railway Bridge on Yamuna
X
यमुना नदी पर रेलवे ब्रिज।
Railway Bridge: दिल्ली में अंग्रेजों के जमाने के पुल को अलविदा कहने का समय आ गया है। अब उस 168 साल पुराने ब्रिज की जगह यमुना ब्रिज बनकर तैयार है। निरीक्षण के बाद इस पुल को ट्रेन संचालन के लिए शुरू कर दिया जाएगा।

Railway Bridge: 168 साल पुराने अंग्रेजों के जमाने के लोहे के पुल को जल्द अलविदा कह दिया जाएगा। जल्द वो पुल इतिहास बन जाएगा और उसकी जगह एक नया आधुनिक यमुना रेल ब्रिज लेगा, जो बनकर तैयार है। लंबे इंतजार के बाद पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब इसे जल्द शुरू किए जाने की उम्मीद है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यमुना ब्रिज बनकर तैयार हो चुका है और जल्द ही मुख्य संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) इस पुल का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद इस ब्रिज को ट्रेनों के संचालन के लिए खोल दिया जाएगा।

दिल्ली से यूपी, बिहार, बंगाल की तरफ जाने वाली ट्रेनों को भी मिलेगी रफ्तार

इस नए ब्रिज की शुरुआत होने के बाद पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से आनंद विहार होते हुए गाजियाबाद तक रेल यातायात बेहतर हो जाएगी। पुराने ब्रिज की ऊंचाई कम थी, जिसके कारण बारिश के समय ट्रेन संचालन में परेशानी होती थी। नए ब्रिज की ऊंचाई 30 मीटर से ज्यादा है और इसके कारण बारिश के मौसम में पानी बढ़ने से भी ट्रेन के संचालन पर असर नहीं पड़ेगा। इस ब्रिज के चालू होने के बाद दिल्ली से यूपी, बिहार और बंगाल की तरफ जाने वाली ट्रेनें भी रफ्तार से चल सकेंगी।

रेलवे ब्रिज का क्या है इतिहास

बता दें कि पुराने ब्रिज को 1867 में अंग्रेजों द्वारा बनाया गया था। तब से इसी पुल का इस्तेमाल किया जा रहा था। रेलवे रिकॉर्ड में इसे 'ब्रिज नंबर 249' के रूप में जाना जाता है। इस पुल की अनुमानित आयु 80 वर्ष थी, जो 1947 में ही पूरी हो गई थी। हालांकि कोई ऑप्शन न होने के कारण दशकों तक इसका इस्तेमाल जारी रहा। अब ये पुल इतिहास का हिस्सा बनने जा रहा है और नए यमुना ब्रिज के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। मौजूदा वित्तीय वर्ष में ही इस नए ब्रिज को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। सीआरएस की मंजूरी मिलने के बाद इस नए ब्रिज पर ट्रेनें फर्राटा भरने लगेंगी। इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुगम सफर का अनुभव मिल सकेगा।

ये भी पढ़ें: दिल्ली के विकसित बजट के लिए सीएम रेखा गुप्ता ने किसानों से की बात, बोले-हमें आपसे उम्मीद है, पिछली सरकार...

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story