दिल्ली में फिर गैंगरेप का मामला: तीन दरिंदों ने मिलकर किया था ऑटो में युवती का बलात्कार, पीड़िता ने किया चौंका देने वाला खुलासा

Delhi Gang Rape Case Update: दिल्ली में एक बार फिर निर्भया कांड जैसी घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। ओडिशा की एक युवती के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले में पुलिस ने 21 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में 700 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले और 150 से ज्यादा ऑटो का सत्यापन किया था। इस गहन जांच के बाद पुलिस ने आखिरकार तीन आरोपियों- प्रभु महतो, प्रमोद उर्फ बाबू और मोहम्मद शमसुल को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों का सुराग कैसे मिला?
सुराग के अभाव के चलते यह मामला बेहद चुनौतीपूर्ण था। पीड़िता मानसिक और शारीरिक आघात के कारण घटना के समय और स्थान के बारे में जानकारी नहीं दे पा रही थी। पुलिस ने महिला सिपाही संगीता और एक ओडिया मूल की नर्स की मदद से पीड़िता का विश्वास जीतने की कोशिश की, जिसके बाद पीड़िता ने कुछ अहम संकेत दिए। इसी के आधार पर एएसआई राजेंद्र सिंह डागर की अगुवाई में एएटीएस की टीम ने छानबीन की, और आखिरकार प्रभु महतो का ऑटो एक सीसीटीवी फुटेज में दिख गया, जिसमें वह अपराध के बाद युवती को फेंक कर भागता नजर आ रहा था।
घटना की निर्ममता: विकलांग भी था शामिल
इस घटना में 11 अक्टूबर की रात आरोपी प्रमोद उर्फ बाबू ने शराब पीने के बाद एक युवती को देखा और विकलांग शमसुल के साथ मिलकर उसे जबरन खींचकर सुनसान इलाके में ले गया। ऑटो चालक प्रभु महतो ने वहां से गुजरते समय इस घटना को देखा और भी शामिल हो गया। प्रभु ने युवती को अपने ऑटो में बिठाकर उसके साथ दुबारा दुष्कर्म किया।
तीन राज्यों के रहने वाले आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में प्रभु महतो बिहार का निवासी है, जो दो महीने पहले ही दिल्ली आया था। वह अपने सात बच्चों के साथ रहता है और छठ पूजा के बाद बिहार लौटने की योजना बना रहा था। प्रमोद उर्फ बाबू यूपी के अकबरपुर का रहने वाला है और तिलक ब्रिज पर कबाड़ की दुकान में काम करता था। तीसरा आरोपी, मोहम्मद शमसुल बिहार का निवासी है और फुटपाथ पर रहता था।
जांच जारी, पीड़िता का इलाज जारी
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी और जांच की जा रही है। पीड़िता का इलाज एम्स में चल रहा है, और पुलिस ने मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की बात कही है। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं और दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर बहस छेड़ दी है।
इसे भी पढ़ें: ऑटो में तीन दरिंदों ने बार-बार किया दुष्कर्म, पीड़िता का बिगड़ा मानसिक संतुलन, एम्स में भर्ती
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS