दिल्ली में लोन के नाम पर ठगी: लालच देकर बनाते थे शिकार, एक आरोपी गिरफ्तार

द्वारका साइबर पुलिस ने लोन के नाम पर लोगों के साथ ठगी करने वाली गैंग के एक जालसाज को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसकी गैंग के अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।;

Update:2024-04-21 18:46 IST
प्रतीकात्मक तस्वीरOnline Fraud
  • whatsapp icon

Online Fraud: द्वारका साइबर पुलिस ने मोबाइल पर लोन संबंधी लिंक भेजकर ठगी करने वाले एक गैंग से जुड़े ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम 37 वर्षीय हरिओम शरण बताया गया है। वह आसनसोल, पश्चिम बंगाल का रहने वाला है।

एक लिंक से उड़ाए लाखों रुपये

पुलिस के मुताबिक, नगेन्द्र सिंह नामक शख्स की तरफ से मिली शिकायत पर द्वारका डिस्ट्रिक्ट साइबर पुलिस स्टेशन में चीटिंग का केस दर्ज किया गया था। पीड़ित ने बताया कि पिछले साल तीन जुलाई को उसे आईडीएफसी बैंक से एक मैसेज मिला। जैसे ही उसने मैसेज के लिंक पर क्लिक किया तभी उनके बैंक खाते से एचडीएफसी बैंक में 2,81,180 रुपये ट्रांसफर हो गए।

दोस्त के साथ मिलकर की धोखाधड़ी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एचडीएफसी बैंक खाते और केवाईसी विवरण प्राप्त किए। कथित बैंक केवाईसी विवरण में पाए गए पते पर छापेमारी की गई। इसके बाद पुलिस को हरिओम शरण का पता लगा, जिसे पकड़ लिया गया। आरोपी शरण ने अपने दोस्त अमन वर्मा के साथ मिलकर धोखाधड़ी शुरू की थी। ठगी के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खाते उपलब्ध भी उसी ने कराए थे। वह एटीएम से नकदी निकालने के बाद रकम आपस में बांट लेता था। इस एवज में उसे 20 प्रतिशत हिस्सा मिलता था।

पुलिस कर रही जागरूक

बता दें कि साइबर ठग हर बहुत से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ये जालसाज आए दिन नई-नई तरकीब लगाते रहते हैं। साइबर ठगों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा पुलिस भी लोगों को इनकी चालाकियों के बारे में जागरूक करती रहती है। लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस समय-समय पर अभियान भी चलाती है।

Similar News