Logo
New Year 2024: दिल्ली में नए साल का स्वागत बेहद यादगार रहा। 2023 की आखिरी शाम को यादगार बनाने के लिए कनॉट प्लेस से लेकर हौज खास तक के सभी बार और रेस्टोरेंट में खूब भीड़ जुटी। वहीं साल के पहले दिन मंदिरों में भी भारी हुजूम उमड़ा।

New Year 2024: 2023 को अलविदा और नए साल के वेलकम को यादगार बनाने के लिए रविवार शाम से ही जश्न का माहौल शुरू हो गया और आधी रात तक चलता रहा। सीपी से लेकर दिल्ली के सभी बाजारों के रेस्टोरेंट, बार और होटल में खूब भीड़ इकट्ठा हुई। जश्न के बीच लोगों को लुभाने के लिए कही खाने-पीने में छूट दी गई तो कहीं पर लाइव शो का आयोजन किया गया। साथ ही, आधी रात तक खूब जाम भी छलके। वहीं, आज सुबह से नए साल का स्वागत करने के लिए विभिन्न धर्मों के लोग बड़ी संख्या में अपने धार्मिक स्थलों पर एकत्र हुए हैं।

इंडिया गेट पर जुटी भीड़

कनॉट प्लेस के बाद सबसे अधिक भीड़ इंडिया गेट सर्किल पर देखने को मिली। रविवार को छुट्टी होने की वजह से लोग परिवार और बच्चों के साथ इंडिया गेट पर घूमने के लिए पहुंचे थे। यहां पर इंडिया गेट सर्किल से लेकर कर्तव्य पथ पर भारी भीड़ देखने को मिली। कड़ाके की ठंड और स्ट्रीट लाइट की रोशनी में लोग अपनी तस्वीरें मोबाइल कैमरे में कैद कर रहे थे। नए साल के स्वागत में लोग देर रात तक इंडिया गेट के आसपास ही घूमते रहे। 

दिल्ली में आधी रात तक छलके जाम

साल 2023 के आखिरी दिन लोग शराब के साथ भी सेलिब्रेट करते हैं। इस साल नए साल के स्वागत में ही दिल्लीवालों ने इतने जाम टकराए कि पिछले साल का रिकार्ड लगभग टूट ही गया। दरअसल, इस साल 31 दिसंबर 2023 को दिल्ली में शराब की 21 लाख 20 हजार 590 बोतलें बिकी हैं। दिल्ली में दिसंबर के महीने अब तक शराब की बिक्री की बात की जाए तो उसने पिछले साल के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले साल दिसंबर के महीने में जहां 3,99,60509 शराब की बोतलें बिकी थीं। हालांकि, इस बार दिसंबर में 31 तारीख तक अब तक करीब साढ़े छह करोड़ शराब की बोतलें बिक चुकी हैं। इसमें सबसे ज्यादा शराब की बिक्री 24 दिसंबर को हुई थी।

सुबह मंदिरों में उमड़ा भक्तों का हुजूम

नए साल के अवसर पर दिल्ली के मंदिरों में भी भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा है। दिल्ली के फेमस कालकाजी टेंपल में भक्तों ने माता के दर्शन किएं। मंदिर में भक्तों की काफी भीड़ देखी गई। भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ ही अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। ताकि आने वाले भक्तों को कालकाजी के सुगम दर्शन हो सके।

इस बार संभावना जताई गई है कि नए साल के अवसर पर करीब 2 लाख से ज्यादा भक्त पहुंच सकते हैं। वहीं, दिल्ली में झंडेवालान देवी मंदिर में आधी रात को 12 बजे नए साल की आरती की गई। इस दौरान लोगों ने माता के दर्शन कर अपनी मुराद मांगी। दिल्ली के अन्य मंदिरों में भी इसी तरह का नजारा देखने को मिला।

5379487