Delhi: अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरी दिल्ली जय श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हो गई। अधिकांश लोगों ने कहा कि जीवन में आज तक ऐसा उत्सव कभी नहीं देखा। लोगों ने घरों, मंदिरों को दीए व बिजली की लड़ियों से सजाया। चारों तरफ श्रीराम शोभा यात्राएं निकाली गई। डीजे पर श्री राम, हनुमान धुन पर नाचते गाते युवा, महिलाएं, बच्चों का जोश देखने लायक था। मंदिरों, चौक चौराहों, गलियों में भंडारों का आयोजन हुआ। कहीं रात भर जागरण हुए तो, कहीं भजन कीर्तन, श्री रामायण अखंड पाठ, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा गायन, यज्ञ हवन जैसे धार्मिक आयोजनों से दिल्ली राम के रंग में रंग गई।

बाजारों में दिखी धूम

छोटे बड़े बाजारों के संगठनों ने अपने-अपने स्तर पर कई प्रकार के आयोजन किए। वहीं, श्री कालका जी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा उत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत की अगुवाई में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ्घ, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दक्षिण दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी, प्रवक्ता विक्रम बिधूड़ी व मंदिर प्रकोष्ठ के अध्यक्ष करनैल सिंह आदि उपस्थित रहे।

दीप जला कर मनाया दीपोत्सव

इनके अलावा सैंकड़ों साधु संत, महंत, बुद्धिजीवियों व भक्तों ने हिस्सा लिया। वहीं, झंडेवाला मंदिर में दूसरे दिन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंदिर के कार्यक्रम में भाग लिया। अयोध्या से प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण मंदिर द्वारा चार जगह बड़ी स्क्रीन लगा कर किया गया। शाम पांच बजे से सात बजे तक ग्यारह हजार दीप जला कर दीपोत्सव मनाया गया। तत्पश्चात ग्रीन पटाखों का भक्तों ने आनंद उठाया।

निकाली गई शोभा यात्रा

इनके अलावा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की दिल्ली ने अपने कई राजयोग केंद्रों में निराकार परमात्मा राम की देव शरीर रूपी घट में प्रवेश प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव बड़ी उमंग उत्साह से संपन्न किया। कई जगह शोभा यात्रा निकाली गई।

किन्नर समाज ने गाए बधाई गीत

सदर बाजार में किन्नर समाज ने धूमधाम से बधाई गीत गाकर भगवान श्री राम को नमन किया। रंग महल से नॉवल्टी सिनेमा तक हर तरफ रंगोली ही रंगोली आई नजर। व्यापारियों का दावा है कि छोटे बड़े बाजारों में व्यापारियों ने हजारों दीप जलाएं, जबकि श्राम भक्तों ने यमुना किनारे भव्य स्तर पर आरती का आयोजन किया, जिसमें लोग श्री राम धुन पर जमकर झूमें। कई संगठनों ने अयोध्या से लाइव प्राण प्रतिष्ठा को दिखाने के लिए बड़ी स्क्रीन की व्यवस्था कर रखी थी।