Delhi Fraud: पुलिस अफसर बताकर बुजुर्गों से करता था ठगी, पटना से गिरफ्तार

Delhi Fraud: दिल्ली पुलिस ने बुजुर्गों के साथ ठगी करने वाले एक जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी बुजुर्गों के साथ खुद को पुलिस का अफसर बताकर ठगी करता था। जालसाज आरोपी को शाहदरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पीड़ित के रिश्तेदार को अरेस्ट करने का डर दिखाकर रकम ऐंठता था। पुलिस के मुताबिक, 24 वर्षीय सुनील कुमार नामक आरोपी चाय की दुकान करता था। इसे पटना, बिहार से पकड़ा गया। जांच में इसके बैंक खातों में 10 लाख से अधिक के मनी ट्रेल का पता चला है।
डीसीपी सुरेन्द्र चौधरी ने बताया कि 8 जनवरी को साइबर पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें पीड़ित ब्रह्म सिंह निवासी ईस्ट रोहताश नगर ने आरोप लगाया कि 31 दिसंबर को उसे व्हाट्सएप कॉल आया था। कॉलर ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और कहा कि उसके भाई का बेटा सदर पुलिस स्टेशन में है। उसे छुड़वाना चाहते हो तो पैसे देने होंगे। पीड़ित ठगों की बातों में आ गया और बिना क्रॉश चैक किए उसने एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस ने पटना से किया गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कथित बैंक खातों से लेकर मोबाइल नंबर को जांच के दायरे में लिया। जालसाज का फोन पटना में एक्टिव मिला, जिसके बाद एक टीम ने वहां दबिश डाल आरोपी को अरेस्ट कर लिया। आरोपी सुनील कुमार के बैंक खाते के विश्लेषण से पता चला कि करीब 10 लाख रुपये का लेनदेन हुआ है।
आरोपी चलाता था चाय की दुकान
इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि आरोपी लोगों से व्हाट्सएप पर संपर्क करता था और उनके रिश्तेदारों की गिरफ्तारी का डर दिखाकर उगाही करता था। आरोपी सिर्फ 12वीं पास है। पहले वह बिहार के पटना में चाय की दुकान चलाता था। अधिक पैसे कमाने के लिए उसने अपने कुछ दोस्तों के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी शुरू की थी।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS