Logo
Power Cut in Delhi: बीती रात दिल्ली के कई इलाकों में पॉवर कट हुई, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं इस मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल और आतिशी मार्लेना ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। 

Power Cut in Delhi: दिल्ली के कई इलाकों में बीती रात बिजली कटौती के कारण जमकर हंगामा देखने को मिला। लोग सड़कों पर उतरे और प्रदर्शन किया। वहीं अब इस मुद्दे पर राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और नेता प्रतिपक्ष आतिशी मार्लेना ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब से दिल्ली में बीजेपी सरकार आई है, तब से बिजली व्यवस्था बर्बाद हो गई है।  

इन इलाकों में पॉवर कट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीती रात विकासपुरी, जनकपुरी, द्वारका, शकरपुर, छतरपुर, राजपुर खुर्द, हरिनगर, नांगलोई, आर.के पुरम, पालम कॉलोनी, जंपुरा, हर्ष विहार समेत तमाम इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। इस दौरान बुराड़ी में लोगों ने प्रदर्शन किया। इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष आतिशी मार्लेना और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा।

आतिशी ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

आतिशी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट शेयर करते हुए लिखा 'मार्च में ही बिजली का ये हाल है। पॉवर कट के कारण लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। अगर अभी से ये हाल है, तो मई और जून के महीनों में क्या होगा? अरविंद केजरीवाल जी की सरकार में 10 सालों तक दिल्ली के लोगों को 24 घंटे बिजली मिली है, लेकिन विपदा सरकार ने एक महीने में ही साबित कर दिया कि दिल्ली के लोगों को 24 घंटे बिजली देना इनके बस की बात नहीं है।'

केजरीवाल बोले- भाजपा ने बिजली व्यवस्था खराब कर दी

वहीं इस मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा 'हमने बड़ी मुश्किल से दिल्ली की बिजली व्यवस्था को ठीक किया था। हम रोज उस पर नजर रखते थे। दस साल दिल्ली में कहीं भी पॉवर कट नहीं हुई। इन लोगों ने डेढ़ महीने में ही दिल्ली की बिजली व्यवस्था को खराब कर दिया।'

ये भी पढ़ें: Barapullah Phase 3: दिल्ली सरकार पूरा नहीं कर पाएगी केजरीवाल का अधूरा काम, 10 साल से पड़ा अधूरा 

आशीष सूद ने केजरीवाल के आरोपों पर कसा तंज  

उधर, मंत्री आशीष सूद ने अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पंजाब में भगवंत मान के साथ थे। पंजाब में तो रात 8 बजे के बाद कोई काम नहीं होता है। उन्होंने सुबह 8:25 बजे दिल्ली में बिजली गुल होने का द्वीट किया, लेकिन इससे दस घंटे पहले ही जगतपुर एक्सटेंशन की बिजली बहाल हो चुकी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली गुल होना सामान्य घटना है, जो स्थानीय इलाके तक सीमित थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अच्छा हुआ पंजाब जाने के बाद अरविंद केजरीवाल आखिरकार जाग गए हैं।

jindal steel jindal logo
5379487