Logo
Republic Day Parade 2024: दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए एडवाइजरी जारी की है। 26 जनवरी को सुरक्षा के लिहाज से कई अहम बदलाव किए गए हैं।

Republic Day Parade 2024: देश 26 जनवरी को 75वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। देश की राजधानी दिल्ली में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल भी की गई। इस ख़ुशी के माहौल को बरकरार रखते हुए दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी तेज कर दी है। राष्ट्रीय राजधानी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। 

दिल्ली के विशेष पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने कहा कि शुक्रवार को कार्यक्रम में लगभग 77,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इस साल दो कारणों से सुरक्षा ज्यादा मजबूत की जा रही है। पिछले साल दिसंबर में संसद में दो संदिग्ध व्यक्तियों ने सुरक्षा में सेंध लगा दी थी। वहीं, दूसरा अयोध्या में राम मंदिर के अभिषेक के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। 

जूते भी होंगे स्कैन

अधिकारी ने कहा कि रिपब्लिक डे परेड के दौरान जूतों की भी तलाशी ली जाएगी। दरअसल, पिछले साल दिसंबर में संसद में हुए उल्लंघन को देखते हुए पुलिस जूतों पर नजर रखेगी। उन्होंने आगे कहा कि जूता-स्कैनिंग के दौरान लोग कुर्सियों के पास अपने जूते उतार सकेंगे और जांच के बाद उन्हें वापस पहन सकेंगे। दिल्ली यातायात पुलिस भी प्रतिबंध बनाए रखने के लिए आयोजन स्थल और आसपास की सड़कों पर 2,500 कर्मियों को तैनात कर रही है।

सुबह 4 बजे से चलेगी मेट्रो

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने बुधवार को घोषणा की कि दिल्ली मेट्रो सेवाएं 26 जनवरी को सुबह 4 बजे शुरू होंगी। कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा के लिए यह फैसला लिया गया है। मेट्रो ट्रेनें शुक्रवार को सुबह 4 बजे से 6 बजे तक 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी, जिसके बाद मेट्रो सेवाओं का सामान्य शेड्यूल फिर से शुरू हो जाएगा। 

जिन यात्रियों के पास गणतंत्र दिवस समारोह के लिए ई-निमंत्रण कार्ड या ई-टिकट हैं, उन्हें अपनी वापसी यात्रा के लिए केवल केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशनों से कूपन लेना होगा। परेड के दौरान केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन को बंद रखा जाएगा। सुबह पांच बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक दोनों स्टेशनों पर यात्री न तो सवार हो सकेंगे और ना ही उतर सकेंगे। इस रूट पर मेट्रो सामान्य दिन की तरह चलती रहेगी।

ये भी पढ़ें: Republic Day 2024: गणतंत्र दिवस के चलते DTC बसों के कुछ रूटों में हुआ बदलाव, जानें से पहले जरूर चेक करें

दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह के लिए ट्रैफिक एडवाजरी जारी की है। एडवाइजरी के मुताबिक, गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और लाल किला की तरफ बढेगी। सुबह 9.30 बजे नेशनल वॉर मेमोरियल, इंडिया गेट पर संबंधित समारोह होगा। इस गणतंत्र दिवस की थीम विकसित भारत और भारत - लोकतंत्र की मातृका है।

नई दिल्ली या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए

दक्षिण दिल्ली से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्री पहाड़गंज की तरफ से धौला कुआं, कनॉट प्लेस आउटर सर्कल, वंदे मातरम मार्ग, पंचकुइयां रोड और चेम्सफोर्ड रोड व अजमेरी गेट की तरफ से मिंटो रोड और भवभूति मार्ग से गुजर सकते हैं। पूर्वी दिल्ली से, वे आईएसबीटी पुल, रानी झांसी फ्लाईओवर, झंडेवालान गोल चक्कर, डीबी गुप्ता रोड, शीला सिनेमा रोड और पहाड़गंज पुल के माध्यम से बुलेवार्ड रोड ले सकते हैं।

दक्षिणी दिल्ली से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की यात्रा करने के लिए, एडवाइजरी में लोगों से रिंग रोड, आश्रम चौक, छत्ता रेल, सराय काले खां, राजघाट, चौक यमुना बाजार, एसपी मुखर्जी मार्ग, और कौरिया पुल का इस्तेमाल करने का अनुरोध किया गया है।

इसके अलावा, गुरुवार रात 11 बजे से परेड खत्म होने तक किसी भी भारी वाहन और हल्के माल वाहनों को अन्य राज्यों से दिल्ली में प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। एडवाइजरी में कहा गया कि इन वाहनों को शुक्रवार सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक केवल रिंग रोड पर आईएसबीटी-सराय काले खां और आईएसबीटी-कश्मीरी गेट के बीच चलने की इजाजत होगी।

5379487