Logo

Republic Day 2025 Parade: गणतंत्र दिवस परेड 2025 (Republic Day Parade 2025) का आयोजन हमेशा की तरह इस बार भी भव्य और शानदार होने वाला है। पूरी तैयारी के साथ हर साल की तरह इस बार भी परेड देखने के लिए लाखों लोगों के उमड़ने की उम्मीद है। अगर आपने भी अपने परिवार या दोस्तों के साथ परेड देखने का प्लान बनाया है, तो दिल्ली के परेड स्थल पर जाने से पहले दिशा निर्देश जरूर पढ़ लें। क्योंकि, सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परेड स्थल पर कई चीजों को ले जाने पर पाबंदी लगाई गई है। वहीं, कुछ जरूरी दस्तावेजों और नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।  

1. सुबह 7 बजे से शुरू होगा प्रवेश

परेड देखने के लिए दर्शकों को सुबह 7 बजे से ही अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। सिटिंग व्यवस्था 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगी। इसलिए समय पर पहुंचना बेहद जरूरी है। देर से पहुंचने पर सीट मिलने में परेशानी हो सकती है।  

2. फोटो आईडी रखना जरूरी

परेड स्थल में प्रवेश के लिए आपके पास एक वैध फोटो आईडी का होना अनिवार्य है। इसके बिना किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आईडी के साथ-साथ अपना टिकट भी संभालकर रखें।  

3. पहनें आरामदायक कपड़े और जूते

ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए अपने साथ मौसम के अनुकूल कपड़े जरूर रखें। इसके अलावा, भारी भीड़भाड़ में कंफर्टेबल शूज पहनने की सलाह दी गई है, ताकि परेड देखने का अनुभव आरामदायक रहे।  

4. सुरक्षा के निर्देशों का पालन करें

परेड स्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करना हर दर्शक के लिए अनिवार्य होगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सुरक्षाकर्मियों को सूचित करें। खुद भी सतर्क रहें और सार्वजनिक शिष्टाचार का पालन करें।  

5. किन चीजों पर है रोक?

सुरक्षा के कड़े इंतजामों के चलते कई चीजों को परेड स्थल पर ले जाने पर पाबंदी लगाई गई है। इनमें शामिल हैं:

  • खाने-पीने का सामान: अपने साथ कोई भी खाद्य पदार्थ या पानी की बोतल न लाएं।  
  • इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस: रेडियो, ट्रांजिस्टर, टेप रिकॉर्डर, कैमरा, हैंडीकैम, पावर बैंक और मोबाइल चार्जर।  
  • व्यक्तिगत सामान: बैग, ब्रीफकेस, थैला, और थर्मस फ्लास्क।  
  • धूम्रपान और ज्वलनशील सामग्री: सिगरेट, बीड़ी, लाइटर, शराब, और किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ।  
  • नुकीले हथियार: चाकू, कैंची, और अन्य किसी भी प्रकार के हथियार।  
  • अन्य सामग्री: स्प्रे, दूरबीन, और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री।  

6. पार्किंग पास और वाहन की व्यवस्था

अगर आप अपने वाहन से आ रहे हैं, तो पार्किंग पास को अपनी गाड़ी के आगे स्पष्ट रूप से चिपका लें। बिना पास के वाहन को पार्किंग में प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही परेड स्थल पर सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस ने कई कड़े इंतजाम किए हैं। हर व्यक्ति की चेकिंग की जाएगी और किसी भी संदिग्ध वस्तु को तुरंत जब्त कर लिया जाएगा।  

ये भी पढ़ेंं: Republic Day 2025: गणतंत्र दिवस समारोह के चलते आज रात से बंद हो जाएंगे दिल्ली के सभी बॉर्डर, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

समय पर पहुंचें और जिम्मेदार नागरिक बनें- दिल्ली पुलिस

गणतंत्र दिवस परेड का अनुभव अपने आप में बेहद खास होता है। इस दौरान भारत की सैन्य ताकत, सांस्कृतिक धरोहर और विविधता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिलता है। सभी निर्देशों का पालन करके आप इस अनुभव को और भी शानदार बना सकते हैं। गणतंत्र दिवस परेड 2025 का आयोजन न केवल एक उत्सव है, बल्कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण भी है। इस आयोजन को सफल बनाने में हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। समय पर पहुंचे, नियमों का पालन करें और अपने साथ दूसरों की भी सुविधा का ध्यान रखें।

ये भी पढ़ेंं: Delhi Metro: 26 जनवरी के दिन दिल्ली में क्या रहेगा मेट्रो का हाल, समय में बदलाव के साथ बंद रहेंगे ये स्टेशन