Delhi: हत्या का प्रयास, लूट व आर्म्स एक्ट में वांछित हिस्ट्रीशीटर अरेस्ट, दर्जनभर आपराधिक मामलों में था शामिल

Delhi: दिल्ली पुलिस ने संगम विहार इलाके के हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट आदि केस दर्ज थे।;

Update: 2024-01-07 08:13 GMT
Sangam Vihar history sheeter sanjay arrested
प्रतीकात्मक तस्वीर
  • whatsapp icon

Delhi: दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। 30 वर्षीय संजय नामक यह बदमाश संगम विहार इलाके का हिस्ट्रीशीटर है। छह मामलों में इसे वांछित बताया जाता है। इसके अलावा विभिन्न थानों के दो मामलों में यह पीओ घोषित किया जा चुका था। इसके खिलाफ चार अन्य मामलों में पीओ घोषित करने की कार्यवाही शुरू की जा चुकी थी। आरोपी कुल 12 मामलों में संलिप्त पाया गया है। इसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट आदि केस दर्ज थे।

स्पेशल सीपी रविंद्र यादव के अनुसार, 11 अप्रैल, 2017 को देवली, नेबसराय निवासी शख्स ने आरोप लगाया था कि वह संगम विहार आ रहा था। जब वह बीएसएफ केंद्र के पास पहुंचा, तो आरोपी संजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला कर मोबाइल छीन लिया था। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

इलाके में दबदबा बनाने के लिए की वारदात

इसके अलावा 29 जून, 2022 को एक अन्य शख्स अपने साथी के साथ संगम विहार जा रहा था। संजय ने इलाके में अपना दबदबा बनाए रखने के लिए साथियों के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया था। पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा था। हत्या के प्रयास का यह केस भी संगम विहार थाने में दर्ज किया गया था। हाल ही में अपराध शाखा की टीम को सूचना मिली कि संगम विहार के कई मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी संजय, संगम विहार इलाके में छिपा हुआ है। अगर समय पर कार्रवाई की जाए, तो उसे गिरफ्तार किया जा सकता है।

इसके तुरंत बाद बदमाश को पकड़ने के लिए अतिरिक्त आयुक्त संजय भाटिया के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जाल बिछाकर आरोपी संजय को सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान, आरोपी संजय ने खुलासा किया कि वह ड्रग्स का आदि है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध की दुनिया में शामिल हुआ था। कई जघन्य अपराधों को अंजाम देने के बाद वह जेल में भी बंद रहा, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह अदालत में पेश नहीं हुआ और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।

Similar News