Sanjay Singh News: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने 3 अप्रैल को दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा हो गए। उनकी रिहाई के बाद से आप के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। संजय सिंह ने बुधवार को जेल से बाहर आने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर गए, वहां पर उन्होंने सुनीता केजरीवाल का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के भी घर गए, उन्होंने सीमा सिसोदिया का भी पैर छूकर आशीर्वाद लिया। जानकारी के मुताबिक संजय सिंह आज 4 अप्रैल को सत्येंद्र जैन के परिवार से मुलाकात करेंगे।

6 महीने बाद जेल से बाहर आए संजय सिंह

बताते चलें कि दिल्ली शराब घोटाले में मामले में पिछले 6 महीने से संजय सिंह जेल में बंद थे। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें मंगलवार (2 मार्च) को जमानत दी थी। इसके बाद वह बुधवार की शाम को तिहाड़ से निकले तो उन्होंने आप कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। संजय सिंह को बाहर आने के बाद आप के नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। अपने नेता को अपने बीच पाकर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान संजय सिंह ने आक्रामक भाषण देते हुए कहा अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सब पूरी ईमानदारी के साथ बाहर आएंगे और जेल के ताले टूटेंगे।
 

ये भी पढ़ें:- संजय सिंह तिहाड़ जेल से हुए रिहा, बोले- यह जश्न का नहीं, जंग का समय

बीजेपी पर जमकर बोला हमला

संजय सिंह ने बीजेपी पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी का अगला नाम भारतीय जनता पार्टी नहीं बल्कि बंगारू जनता पार्टी है। बीजेपी के लिए मेरा एक नारा है- 'जो जितना बड़ा भ्रष्टाचारी, वो उतना बड़ा पदाधिकारी है। सिंह ने आगे कहा कि आप एक ऐसे व्यक्ति पर सवाल उठा रहे हैं जिसने देश की सेवा के लिए अपनी आईआरएस की नौकरी छोड़ दी।

संजय सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यालय में आने से पहले मैं दिल्ली के सीएम के आवास पर गया और सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की। उनकी आंखों में पहली बार आंसू थे। मैं देश के लोगों से अपील करता हूं कि उन्हें जेल का जवाब देना चाहिए। वोटों के माध्यम से दिया जाए। यह जश्न मनाने का नहीं बल्कि युद्ध और संघर्ष का समय है। सत्येन्द्र जैन के आवास पर भी जाऊंगा। आप एक परिवार है और हम तानाशाही के खिलाफ लड़ेंगे।